भाजपा नेताओं ने की ‘मन की बात’ की सराहना, बोले-पीएम मोदी ने सामाजिक सद्भाव और जन कल्याण के लिए किया प्रेरित

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। पीएम मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। मन की बात कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं ने कहा कि इस कार्यक्रम का इंतजार हर महीने सभी लोगों को होता है। मन की बात कार्यक्रम से पीएम मोदी ने सामाजिक सद्भाव और जन कल्याण को प्रेरित करने का काम किया है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज यह हमारे लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि हम सभी ने विनायक सिटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ का 133वां एपिसोड सुना। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह भी उपस्थित थे।

उन्होंने कहा की पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की एक विशेष उपलब्धि का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विलुप्ति के कगार पर पहुंचे ब्लैक बक (काला हिरण) अब फिर से हमारे मैदानों में दौड़ रहे हैं। यह हमारी वन्यजीव संरक्षण नीतियों और समर्पित प्रयासों की जीत है। यह न केवल प्रकृति और विकास के संतुलन की हमारी नीति की सही दिशा को प्रमाणित करता है, बल्कि वनवासी क्षेत्रों में निवासरत जनजातीय समुदायों के प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण में योगदान को भी रेखांकित करता है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि साल 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने बांस को पेड़ों की श्रेणी से हटा दिया, जिससे इसका इस्तेमाल करना आसान हो गया है। आज बांस के क्षेत्र में नए-नए प्रयोग हो रहे हैं। बांस से हस्तशिल्प की चीजें तो बनाई जा ही रही हैं, लेकिन अब बांस को ‘न्यू एज फाइबर’ के तौर पर इस्तेमाल कर कपड़े तैयार किए जा रहे हैं जिससे टेक्सटाइल के क्षेत्र को मजबूती मिल रही है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से लोगों से लगातार जुड़े रहने के बावजूद प्रधानमंत्री ने कभी इस मंच का उपयोग राजनीतिक चर्चा के लिए नहीं किया। उन्होंने हमेशा सकारात्मकता, सामाजिक सद्भाव और जन कल्याण को प्रेरित करने का काम किया है। इसका बहुत ही सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

यूपी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम सभी बूथों पर संपन्न हुआ है। यह कार्यक्रम जन आंदोलन बन चुका है। देशभर के सभी गांवों और शहरों में मन की बात को सुना जाता है। विश्व और देश के लोगों को भरोसा है कि यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां पीएम मोदी उन लोगों की कहानी लेकर आते हैं, जो जमीनी स्तर पर बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई जानता नहीं है।

बिहार से भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सिन्हा ने कहा कि पटना में ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और भाजपा के पदाधिकारियों के साथ सुना। प्रधानमंत्री के इस प्रेरणादायी संवाद में कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए गए। भगवान गौतम बुद्ध के जीवन और उनके संदेश की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शांति हमारे भीतर से शुरू होती है और स्वयं पर विजय ही सबसे बड़ी विजय है।

कच्छ के रण में आने वाले फ्लेमिंगो पक्षियों का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण के सुंदर उदाहरण को साझा किया, जो प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संदेश देता है। भारत में पवन ऊर्जा के क्षेत्र में हो रही तीव्र प्रगति पर प्रकाश डाला। आज देश की विंड एनर्जी क्षमता 56 गीगावॉट से अधिक हो चुकी है। गुजरात, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे राज्यों में रिन्यूएबल एनर्जी के विस्तार से युवाओं के लिए नए अवसर और रोजगार के मार्ग खुल रहे हैं।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजव सरावगी ने कहा कि पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को लोगों ने सुना। इस कार्यक्रम के जरिए पीएम मोदी देशवासियों से सीधा संवाद करते हैं, जमीनी स्तर पर जिन्हें सफलता मिली, उनकी चर्चा करते हैं।

असम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार देश के विकास, हमारी संस्कृति और दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में भारत की प्रगति को उजागर करते हैं। आज भी उन्होंने विशेष रूप से पूर्वोत्तर के बारे में बात की और बांस उद्योग को बढ़ावा दिया। बांस क्षेत्र और इसकी संस्कृति ने इस क्षेत्र के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाई है और इसे वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है।

राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा कि आज ‘मन की बात’ का 133वां एपिसोड था और हर बार की तरह, हमें कई नई बातें सीखने को मिलीं। प्रधानमंत्री ने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में क्या हो रहा है। किस तरह के नए प्रयोग किए जा रहे हैं और विभिन्न उत्पादों तथा चल रहे अभियानों के बारे में बात की।

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।