भोपाल : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की मध्यप्रदेश इकाई भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत प्रदेश में 15 जुलाई को एक दिन में भाजपा के 5.5 लाख नये सदस्य बनायेगी।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने शनिवार को यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा का सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है।
इसके तहत भाजयुमो 15 जुलाई को एक दिन में प्रदेश में भाजपा के 5.5 लाख नये सदस्य बनायेगा। इसके लिये युवा मोर्चे ने सभी जरुरी तैयारियां कर ली हैं और प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदेशभर में इन कार्यक्रमों में शामिल होगें।’’
उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान में विशेषकर उन मतदान बूथों को चिहिन्त किया गया है जहां पिछले लोकसभा चुनाव में किन्ही कारणों से भाजपा पीछे रह गई थी।
पांडे ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर भाजयुमो की बैठकों की पुलिस द्वारा निगरानी कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश भर में अब तक नौ स्थानों पर हमारी बैठकों की पुलिस से वीडियोग्राफी और निगरानी करवाई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस की इस हरकत के खिलाफ हमने भोपाल संभाग में छह स्थानों पर धरना आंदोलन किया है। पुलिस का यही रवैया यदि आगे भी जारी रहता है तो भाजयुमो प्रदेश भर में अपना आंदोलन तेज करेगा।


Download Android App
Download iOS App



