‘टेकऑफ से पहले बोइंग की होगी जांच..’, अहमदाबाद विमान हादसे के बाद DGCA का आदेश

Summary :

अहमदाबाद विमान हादसे के बाद DGCA का आदेश

DGCA द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, 15 जून 2025 से एयर इंडिया के इन विमानों के टेकऑफ से पहले सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी. इसके अंतर्गत फ्यूल पैरामीटर सिस्टम, केबिन एयर कंप्रेसर, इंजन कंट्रोल और हाइड्रोलिक सिस्टम जैसी महत्वपूर्ण सिटम्स की गहन जांच की जाएगी.

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में हाल ही में हुए दर्दनाक विमान हादसे के बाद नागरिक विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने बड़ा फैसला लिया है. डीजीसीए ने एयर इंडिया के विमानों की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है. इस हादसे के मद्देनज़र एयर इंडिया के बोइंग 787-8 और 787-9 विमान मॉडल्स की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, DGCA द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, 15 जून 2025 से एयर इंडिया के इन विमानों के टेकऑफ से पहले सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी. इसके अंतर्गत फ्यूल पैरामीटर सिस्टम, केबिन एयर कंप्रेसर, इंजन कंट्रोल और हाइड्रोलिक सिस्टम जैसी महत्वपूर्ण सिटम्स की गहन जांच की जाएगी.

विशेष क्षेत्रों में जांच के निर्देश

डीजीसीए ने यह सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण जांच बिंदु निर्धारित किए हैं:

फ्यूल सिस्टम की जांच: टेकऑफ से पूर्व फ्यूल पैरामीटर मॉनिटरिंग की जाएगी.

इलेक्ट्रॉनिक इंजन कंट्रोल सिस्टम: इस प्रणाली की पूरी तकनीकी जांच अनिवार्य होगी.

हाइड्रोलिक सिस्टम और फ्यूल एक्ट्यूएटर्स: इनका संचालन परीक्षण किया जाएगा.

टेकऑफ पैरामीटर रिव्यू: उड़ान भरने से पहले टेकऑफ के सभी तकनीकी मानकों की समीक्षा होगी.

फ्लाइट कंट्रोल निरीक्षण: हर ट्रांजिट के दौरान फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम का विशेष निरीक्षण किया जाएगा.

पिछले 15 दिनों की खराबियों की समीक्षा: बीते दिनों में आई तकनीकी समस्याओं की पूरी रिपोर्ट तैयार कर DGCA को सौंपी जाएगी.

दो सप्ताह में पावर एश्योरेंस टेस्ट: प्रत्येक विमान के इंजन की शक्ति का परीक्षण दो सप्ताह के भीतर अनिवार्य किया गया है.

गुरुवार को हुआ हादसा

12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी, टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही एक मेडिकल कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस भयावह हादसे में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे. दुर्भाग्यवश, 241 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. केवल एक यात्री जीवित बचा है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है.


Ahmedabad Plane CrashAir India विमान हादसे के बाद यात्रियों को बड़ा झटका! किराए में होगी बढ़ोत्तरी

जांच एजेंसियों की भूमिका

घटना के बाद, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया. प्रारंभिक जांच की जिम्मेदारी नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) को सौंपी गई है. यह संस्था हादसे के कारणों की तकनीकी और प्रशासनिक जांच करेगी, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।