BSF Constable Recruitment: नए साल से पहले पूर्व अग्निवीरों को मिली बड़ी खुशखबरी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) में कांस्टेबल भर्ती के लिए पूर्व अग्निवीरों का कोटा 10 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया गया है। इसे लेकर मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के मुताबिक, BSF में सीधी भर्ती के माध्यम से होने वाली कांस्टेबल भर्ती में हर भर्ती वर्ष में 50 प्रतिशत पद पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित किए जाएंगे। इसके अलावा 10 प्रतिशत आरक्षण पूर्व सैनिकों को मिलेगा, जबकि 3 प्रतिशत तक पद कॉम्बैटाइज्ड कांस्टेबल के समायोजन के लिए रखे गए हैं।
BSF Constable: दो फेज़ में होगी भर्ती की प्रक्रिया

यह अधिसूचना बताती है कि भर्ती की प्रक्रिया दो फेज़ में होगी। पहले फेज़ में, 50 प्रतिशत पदों पर भर्ती सिर्फ पूर्व अग्निवीरों के लिए की जाएगी। दूसरे फेज़ में, स्टाफ सिलेक्शन कमीशन बाकी के 47 प्रतिशत पदों पर भर्ती करेगा, जिसमें 10 प्रतिशत पद पूर्व सैनिकों के लिए होंगे। इसके अलावा, अगर पहले फेज़ में कुछ पद पूर्व अग्निवीरों के लिए नहीं भर पाते, तो वो भी भरे जाएंगे। महिला उम्मीदवारों के लिए पदों की संख्या हर साल काम की जरूरत के हिसाब से तय की जाएगी, जो बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के डायरेक्टर जनरल द्वारा निर्धारित की जाएगी।
Agniveers Quota In BSF: पूर्व अग्निवीरों को अधिकतम 5 वर्ष की आयु छूट
पहले सभी सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स में कांस्टेबल की 10% वैकेंसी पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित थीं। यह ध्यान देने वाली बात है कि लेटेस्ट अधिसूचना सिर्फ सीमा सुरक्षा बल के नियमों में बदलाव से जुड़ा है, न कि दूसरी सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फ़ोर्स से।
पहले बैच के पूर्व अग्निवीरों को अधिकतम 5 वर्ष और अन्य पूर्व अग्निवीरों को 3 वर्ष तक की आयु छूट मिलेगी। यह फैसला पूर्व अग्निवीरों को सुरक्षा बलों में भविष्य बनाने का बड़ा अवसर देगा और उनके लिए सरकारी सेवा का रास्ता आसान करेगा।
क्या है अग्निवीर?

अग्निवीर भारत सरकार की ‘अग्निपथ योजना’ के तहत भारतीय सेना में भर्ती होने वाले जवान होते हैं। इस योजना की शुरुआत 2022 में की गई थी, ताकि सेना को युवा फिट और आधुनिक बनाया जा सके। अग्निवीरों की भर्ती 4 साल के लिए की जाती है, मेरिट की आधार पर 25% अग्निवीरों को स्थायी किया जाता है और बाकि को ‘सेवा निधि’ पैकेज और कौशल प्रमाणपत्र के साथ विदा किया जाता है।
यह भी पढ़ें: असम के किसानों को आज बड़ी सौगात देंगे PM मोदी, यूरिया प्लांट का करेंगे शिलान्यास





















