झारखंड : चतरा में पुलिस के साथ मुठभेड़ में राहुल दुबे गैंग के गुर्गे को लगी गोली, गिरफ्तार

Summary :

चतरा, 25 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राहुल दुबे गिरोह का कथित सदस्य विकास कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ टंडवा और पिपरवार थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में हुई। घायल विकास कुमार को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल…

चतरा, 25 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राहुल दुबे गिरोह का कथित सदस्य विकास कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ टंडवा और पिपरवार थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में हुई। घायल विकास कुमार को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि कोयलांचल क्षेत्र में एक निजी आउटसोर्सिंग एजेंसी के कार्यालय में हुई फायरिंग की घटना के बाद से पुलिस राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ अपराधी सीमावर्ती इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसी दौरान विकास कुमार के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले राहुल दुबे गिरोह के चार नकाबपोश बाइक सवार अपराधियों ने चंद्रगुप्त कोल परियोजना स्थित सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में घुसकर करीब 20 राउंड फायरिंग की थी।

इस घटना में ड्यूटी पर तैनात एसआईएस प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था। अपराधियों ने घटनास्थल पर हस्तलिखित पर्चा छोड़कर वारदात की जिम्मेदारी भी ली थी। पुलिस टीम की अगुवाई टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार कर रहे थे। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान जारी है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.