‘पीएम केयर्स’ से 1000 करोड़ रूपये के आवंटन पर चिदंबरम ने किया दावा, कहा- प्रवासी श्रमिकों को कुछ नहीं मिलेगा

Summary :

पी चिदंबरम ने गुरुवार को दावा किया कि ‘पीएम केयर्स’ कोष से 1000 करोड़ रुपये के आवंटन के बावजूद प्रवासी श्रमिकों को हाथ में कुछ नहीं मिलेगा।

केंद्र सरकार ने फैसला लिया कि कोरोना वायरस (कोविड-19) संकट के मद्देनजर बनाए गए पीएम केअर्स फंड से 1000 करोड़ रुपये प्रवासी मजदूरों पर खर्च किए जाएंगे। मोदी सरकार के इस फैसले को लेकर  कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने गुरुवार को दावा किया कि ‘पीएम केयर्स’ कोष से 1000 करोड़ रुपये के आवंटन के बावजूद प्रवासी श्रमिकों को हाथ में कुछ नहीं मिलेगा।
उन्होंने कहा कि क्योंकि यह राशि राज्यों को मिलेगी ताकि वे मजदूरों की यात्रा और उनके रहने खाने के खर्च का भुगतान कर सकें इसलिए प्रवासी मजदूरों को इस सुविधा का कोई लाभ नहीं मिल पाएगा। चिदंबरम ने कहा कि ‘‘बहुत सारी बाधाओं को पार करते हुए एक प्रवासी कामगार अपने गांव पहुंचता है, लेकिन वहां उसके लिए कोई रोजगार नहीं है। उसके पास कोई आय नहीं है। वह और उसका परिवार कैसे गुजारा करेगा?’’

चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा कि ‘‘पीएम केयर्स से प्रवासी श्रमिकों के लिए 1000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए। कृपया, समझने में गलती मत करिए। यह पैसा प्रवासी श्रमिकों को नहीं दिया जाएगा, बल्कि राज्य सरकारों को प्रवासी कामगारों की यात्रा, रहने, दवा और खाने के खर्च के लिए दिया जायेगा। प्रवासी मजदूरों के हाथों में कुछ नहीं मिलेगा।’’

ओडिशा में कोविड-19 का प्रकोप बरकरार, पॉजिटिव मामलों की संख्या 600 के पार

गौरतलब है कि पीएम केयर्स फंड ट्रस्ट ने बुधवार को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई के लिए 3,100 करोड़ रूपये आवंटित करने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार पीएम केयर्स फंड से आवंटित किये गये 3,100 करोड़ रूपये में से करीब 2000 करोड़ रूपये वेंटिलेटर की खरीद और 1000 करोड़ रूपये प्रवासी मजदूरों के लिए निर्धारित किये गये हैं।

Desk Team