11 Indians Ship Attack Oman : Ship Attack Near Oman Coast साइप्रस के झंडे वाले एक कमर्शियल जहाज ‘जीएफएस गैलेक्सी’ पर आईआरजीसी के हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव गहरा गया है। इस हमले के जवाब में अमेरिकी सेना ने भी तेहरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस बीच, भारत सरकार ने रविवार को इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस जहाज पर कुल 11 भारतीय नागरिक सवार थे, जिनमें से 10 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि एक भारतीय क्रू मेंबर अभी भी लापता है। लापता नागरिक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। भारत सरकार ने क्षेत्र में तुरंत तनाव कम करने की मांग की है।
CENTCOM ने दी जानकारी

आधिकारिक रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में भीषण आग लग गई और उस बुरी तरह नुक्सान पहुंचा है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने भी पुष्टि की है कि जहाज पर लगी आग और इंजन रूम को पहुंचे नुकसान के चलते चालक दल का एक सदस्य लापता है।
ओमान में मौजूद भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। भारतीय अधिकारी ओमान की एजेंसियों के साथ मिलकर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। भारत ने इस मुश्किल वक्त में मदद के लिए ओमानी प्रशासन का आभार जताया है।
Our statement on the attack on a commercial vessel off the coast of Oman ⬇️
🔗 https://t.co/JtqdfO6iJ0 pic.twitter.com/V6jD6zJOtx
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) July 12, 2026
विदेश मंत्रालय का आधिकारिक बयान

क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने पर भारत ने गहरी चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा-
“हम आज सुबह ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाज ‘जीएफएस गैलेक्सी’ पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं। जहाज पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से अब तक 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 1 भारतीय नागरिक के लापता होने की खबर है।
“ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और चल रहे खोज एवं बचाव अभियान में ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है। हम ओमानी अधिकारियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हैं।”
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में रहते हुए इस क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से स्वतंत्र और निर्बाध नौवहन व व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।”
फिलहाल, इस पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी है और राजनयिक स्तर पर बातचीत का दौर जारी है।
यह भी पढ़ें – बंगाल की खाड़ी में 4.5 तीव्रता का भूकंप, विशाखापत्तनम समेत कई इलाकों में महसूस हुए झटके























