कांग्रेस ने भाजपा नेता कपिल मिश्रा द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव को ‘भारत एवं पाकिस्तान के बीच मुकाबला’ करार देने की निंदा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्ष की तुलना पाकिस्तान से करना भारत की अस्मिता के खिलाफ है।
पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे शत्रुओं, एक पड़ोसी देश, जो हम पर आतंकवाद का आक्रमण करता है, उससे एक गणतांत्रिक-लोकतांत्रिक विपक्ष की बराबरी करना भारत की अस्मिता के विरुद्ध है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हम इसकी भर्त्सना करते हैं। हां, आप लोकतांत्रिक तरीकों से जीतिए। आपका स्वागत है।’’
दरअसल, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शाहीन बाग और अन्य स्थानों पर संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में भाजपा के नेता कपिल मिश्रा ने अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव को भारत पाकिस्तान के बीच मुकाबले जैसा करार दिया है ।
अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री रह चुके कपिल मिश्रा दिल्ली के मॉडल टाउन से भाजपा उम्मीदवार हैं ।
एक के बाद एक ट्वीट करते हुए कपिल मिश्रा ने दावा किया, ‘‘आठ फरवरी को दिल्ली में भारत बनाम पाकिस्तान होगा । 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर हिंदुस्तान और पाकिस्तान का मुकाबला होगा ।’’


Download Android App
Download iOS App



