नववर्ष पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, 2021 में चाहिए शांति और समृद्धि की सोच वाली सरकार

Summary :

कांग्रेस ने कहा है कि जनता को साल 2021 में ऐसे भारत के निर्माण की उम्मीद हैं जहां सरकार जनहित में निर्णय लेने में समर्थ होने के साथ ही उच्च आदर्श, शांति तथा समृद्धि की सोच के साथ देश को आगे बढाने के लिए काम करे।

नए साल के मौके पर कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकॉउंट से ट्वीट कर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला किया है। कांग्रेस ने कहा है कि जनता को साल 2021 में ऐसे भारत के निर्माण की उम्मीद हैं जहां सरकार जनहित में निर्णय लेने में समर्थ होने के साथ ही उच्च आदर्श, शांति तथा समृद्धि की सोच के साथ देश को आगे बढाने के लिए काम करे। इसके साथ ही पार्टी ने वीडियो भी जारी किया है।
पार्टी ने ट्वीट करके कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य कभी भी सत्ता और ताकत हासिल करना नहीं रहा बल्कि ऐसे समाज के निर्माण रहा है जहां सभी नागरिकों को न्याय मिले। उसका यही सिद्धांत उसे निरंतर काम करने के लिए प्रेरित करता है और इसी आधार पर लिया गया उसका हर निर्णय आम आदमी के हित को साधने वाला होता है।

 कांग्रेस ने कहा कि पार्टी समानता के सिद्धांत पर विश्वास करती है और लगातार इसी सिद्धांत पर चलते हुए काम करती रही है। उसके लिए देश का हर नागरिक महत्वपूर्ण होता है और वह जाति, वर्ग, पंथ, भाषा, क्षेत्र या भेदभाव के आधार पर कभी काम नहीं करती है। 
पार्टी ने कहा है कि उसका मानना है एक सशक्त नागरिक ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण करने वाला होता है। उसने कहा,’यह देश के हर नागरिक के हित में है कि हम सब हाशिए पर बैठे और कमजोर तबके के लागों को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करें।’ 

Desk Team