कांग्रेस ने सोमवार को केंद्र सरकार पर आंध्र प्रदेश के लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया और कहा कि वह विशेष राज्य का दर्जा देकर प्रदेश के आर्थिक भविष्य को सुरक्षित करने में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव संबंधी अपने घोषणापत्र में आंध्र प्रदेश के लिए विशेष राज्य के दर्जे का वादा किया है।
Highlights
- केंद्र सरकार ने आंध्र के लोगों को धोखा दिया
- आंध्र प्रदेश राज्य के लिए विशेष दर्जे का वादा दोहराया
- आर्थिक भविष्य को सुरक्षित करने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध
आंध्र प्रदेश राज्य के लिए विशेष दर्जे का वादा दोहराया
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कांग्रेस के न्यायपत्र ने एक बार फिर आंध्र प्रदेश राज्य के लिए विशेष दर्जे का वादा दोहराया है। यह वादा किसी और ने नहीं बल्कि स्वयं मनमोहन सिंह (पूर्व प्रधानमंत्री) ने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2014 के पारित होने के दौरान किया था। उन्होंने फरवरी 2014 में राज्यसभा के पटल पर इसके लिए प्रतिबद्धता जताई थी। उन्होंने कहा, ‘‘विशेष श्रेणी का दर्जा प्राप्त राज्य के रूप में, आंध्र प्रदेश को निवेश आकर्षित करने में मदद के लिए विशेष केंद्रीय सहायता अनुदान, बाहरी सहायता प्राप्त परियोजनाओं के लिए बेहतर वित्तपोषण शर्तें, उत्पाद शुल्क रियायतें और कर छूट जैसे लाभ प्राप्त होंगे। ये प्रावधान राज्य की निरंतर समृद्धि की नींव रखने में मदद कर सकते थे, लेकिन मोदी सरकार ने राज्य के लोगों को 10 साल तक धोखा दिया।
आर्थिक भविष्य को सुरक्षित करने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध
रमेश का कहना था कि कांग्रेस पार्टी इस गलती को सुधारने और आंध्र प्रदेश के आर्थिक भविष्य को सुरक्षित करने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और तेलुगू देशम पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ कांग्रेस आंध्र प्रदेश के लिए न्याय सुरक्षित कर सकती है।


Download Android App
Download iOS App



