कांग्रेस प्रमुख खड़गे की बैठक, पार्टी की रणनीति पर होगा विचार-विमर्श

Summary :

कांग्रेस की नई रणनीति पर खड़गे की बैठक, राहुल गांधी भी होंगे शामिल

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। बुधवार सुबह 10:30 बजे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय इंदिरा भवन में पदाधिकारियों के साथ भविष्य की रणनीति को लेकर गहन मंत्रणा करेंगे। जानकारी के मुताबिक, पार्टी संगठन को मजबूत करने, नए पदाधिकारियों की नियुक्ति और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। खड़गे की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे और पार्टी के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श करेंगे।

दरअसल, बिहार में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं। वहीं, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में अगले साल यानी 2026 में विधानसभा चुनाव होंगे। कांग्रेस की यहां पर स्थिति कुछ खास अच्छी नहीं है। बिहार में एनडीए, केरल में एलडीएफ और पश्चिम बंगाल में टीएमसी सत्ता में है।

पार्टी इस समय अपनी रणनीति को नए सिरे से गढ़ने में जुटी है, खासकर उन राज्यों में जहां उसे हाल ही में चुनावी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। युवाओं, किसानों और मध्यम वर्ग को पार्टी से जोड़ने के लिए नए अभियानों पर मंथन किया जाएगा। पार्टी अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर भाजपा के खिलाफ एकजुट मोर्चा बनाने की योजना पर चर्चा कर सकती है।

इसके बाद, 22 फरवरी को मल्लिकार्जुन खड़गे ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय बिहार दौरे पर बक्सर जा सकते हैं। यह दौरा सिर्फ एक आम सभा नहीं होगी, बल्कि इसे चुनावी शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है। उनकी इस यात्रा को कांग्रेस की नई रणनीति और विपक्षी गठबंधन की संभावनाओं के संकेतक के रूप में देखा जा रहा है। खड़गे के संभावित आगमन को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बिहार कांग्रेस के प्रभारी बनाए गए कृष्णा अल्लवारू भी 20 फरवरी को तीन दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं। प्रभारी बनाए जाने के बाद अल्लवारू पहली बार बिहार आएंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.