भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस अब देश में चुनाव लड़ने को लेकर गंभीर नहीं है और राहुल गांधी केवल ‘भ्रमण राजनीति’ कर रहे हैं। हुसैन ने कहा’, “मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के पथ पर चलने की अपील करता हूं।
हम केंद्र में हैं और वहां बहुत लंबे समय तक बने रहेंगे क्योंकि राहुल गांधी केवल भ्रमण की राजनीति कर रहे हैं। वह चुनाव के दौरान बिहार में केवल दो दिन ठहरे और उसके बाद छुट्टियां मनाने के लिए शिमला चले गये।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब राजनीति और चुनावों लेकर गंभीर नहीं है।
श्री हुसैन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुये कहा कि कांग्रेस पार्टी केंद्र में 50 वर्षों से अधिक समय तक सत्ता पर काबिज रही लेकिन विकास के मामले में इनके पास दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा, “हम केंद्र में बने रहने के लिए हैं। कांग्रेस 50 वर्षों से अधिक समय तक केंद्र में रही, हम भी वहां लंबे समय तक बने रहने वाले हैं।
अगर कांग्रेस बिना कोई काम किये वहां इतने लंबे समय तक बनी रह सकती है तो हम भी वहां रह सकते हैं क्योंकि हम तो देश का विकास कर रहे हैं।”
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को विकसित करना श्री मोदी का संकल्प है। उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर में पर्यटन का विकास और आतंकवाद की समाप्ति करना श्री मोदी का संकल्प है। हम विकास के आधार पर जिला विकास परिषद (डीडीसी) का चुनाव लड़ना चाहते हैं।”


Download Android App
Download iOS App



