अंध राष्ट्रवाद अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का तरीका नहीं हो सकता : अधीर रंजन

Summary :

अधीर रंजन चौधरी ने जीडीपी को लेकर केंद्र पर निशाना साधा और कहा कि ‘मोदीनॉमिक्स’ नाकाम साबित हुई है तथा ‘अंध राष्ट्रवाद अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का तरीका नहीं हो सकता।’

सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में दर्ज हुई गिरावट को लेकर कांग्रेस केंद्र सरकार की नीतियों को फेल बता रही है। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने जीडीपी को लेकर सोमवार को केंद्र पर निशाना साधा और कहा कि ‘मोदीनॉमिक्स’ नाकाम साबित हुई है तथा ‘अंध राष्ट्रवाद अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का तरीका नहीं हो सकता।’ 
कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अर्थव्यवस्था में नयी जान डालने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बात धैर्य से सुननी चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मोदी सरकार ने खुद को ऐसी सरकार साबित किया है जो राजनीतिक तथा आर्थिक दिवालियेपन की शिकार है। चीन की अर्थव्यवस्था जहां 3.8 प्रतिशत की विकास दर से बढ़ रही है, वहीं भारत की अर्थव्यवस्था 23.9 प्रतिशत नीचे चली गई है।’’ 


लोकसभा सांसद ने कहा, ‘‘मोदीनॉमिक्स नाकाम रही है। अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए अंध राष्ट्रवाद कोई उपाय नहीं हो सकता। नरेंद्र मोदी जी, आपको पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी से बात करनी चाहिए और धैर्य के साथ उनकी बात सुननी चाहिए।’’ 

Desk Team