मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि कांग्रेस-सपा-बसपा, ‘सत्यमेव जयते’ नहीं बल्कि ‘झूठमेव जयते” पर विश्वास करते हैं। आज रामलीला मैदान, शाहबाद, रामपुर (यूपी) में भाजपा उम्मीदवार जया प्रदा के पक्ष में ‘सामाजिक न्याय समागम’ को सम्बोधित करते हुए नकवी ने कहा कि ‘गुनाहों के गठबंधन की झूठी कहानी’, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “सुशासन की सुनामी’ के सामने ‘सफाचट’ हो जाएगी। नकवी ने कहा कि मोदी के खिलाफ खड़ा ‘गाली गैंग’, खुद अपनी विरोधाभासी हरकतों से जनता की नजरों में गिरता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘जाति के सियासी ठेकेदारों’ ने सबसे ज्यादा उन जातियों के हितों का नुकसान किया है, जिनके वोटों की सीढियाँ चढ़ कर वह सत्ता के सिंहासन तक पहुंचे हैं।
उन्होंने साथ ही कहा कि जाति-धर्म के नाम पर जगह-जगह खुले ‘वोटों के नीलामी सेंटर’ बंद होने चाहिए। वोट का पैमाना लोगो के राष्ट्रीय सरोकार, देश की समृद्धि-सुशासन होना चाहिए। नकवी ने कहा कि नरेंद्र मोदी 130 करोड़ हिन्दुस्तानियों के लिए बिना रुके-बिना थके काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सुरक्षा-सम्मान एवं समावेशी विकास सुनिश्चित है। मोदी ने बिना भेदभाव, जाति-धर्म की सीमाओं से ऊपर उठ कर सबका साथ-सबका विकास के संकल्प को साकार किया है। नकवी ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव ‘कन्फ्यूजन से भरे महागठबंधन’ और ‘कमिटमेंट से भरपूर एनडीए’ के बीच है।


Download Android App
Download iOS App



