भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव सीताराम येचुरी की तबियत बिगड़ने के बाद दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। सूत्रों के मुताबिक, उनको निमोनिया की वजह से एडमिट कराया गया है। जिसकी वजह से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। बताया जा रहा है कि वो पहले इमरजेंसी वार्ड में भर्ती थे। अब उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
हालांकि अस्पताल ने सीताराम येचुरी की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में कोई विशेष जानकारी नहीं दी है, लेकिन न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सीपीआई (एम) के एक सूत्र ने खुलासा किया है कि उन्हें निमोनिया के इलाज की वजह भर्ती कराया गया था। सूत्र ने आगे बताया कि येचुरी पहले नियमित जांच के लिए अस्पताल गए थे, लेकिन इलाज के लिए उन्हें निगरानी में रखा गया और वर्तमान में उनका इलाज चल रहा है।
2015 में बने थे महासचिव
सीताराम येचुरी भारतीय राजनीति के एक दिग्गज नेता है। वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव हैं। सीताराम येचुरी को 19 अप्रैल 2015 को सीपीएम का महासचिव बनाया गया था। इसके बाद उन्हें 2016 में सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार मिला था। सीताराम येचुरी भारतीय राजनीति के जाने-माने चेहरा हैं। वह एक तमिल ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखते हैं।
सीताराम येचुरी का राजनीतिक करियर
2005 में वह पहली बार पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के सदस्य बने। वह राज्यसभा में 18 अगस्त 2017 तक रहे। इस दौरान संसद में उन्होंने जनहित के कई मुद्दे उठाए। सीताराम येचुरी राजनेता के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता, अर्थशास्त्री और पत्रकार और लेखक भी हैं। राजनीतिक दस्तावेज तैयार करने में इनकी राय को अहम माना जाता है। ये काफी लंबे समय से कई अखबारों में कॉलम लिखते आए हैं। इन्होंने कई किताबें लिखी है। इसमें यह हिन्दू राष्ट्र क्या है, घृणा की राजनीति, 21वीं सदी का समाजवाद जैसी किताबें प्रमुख हैं।
जनजातीय मामलों के मंत्री ओराम भी एम्स में भर्ती
वहीं, सोमवार को केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम को भी राष्ट्रीय राजधानी के एम्स में भर्ती कराया गया। उन्हें पल्मोनरी मेडिसिन और स्लीप डिसऑर्डर विभाग के प्रमुख डॉ. अनंत मोहन के नेतृत्व में नए निजी वार्ड में रात करीब 9 बजे भर्ती कराया गया। ओराम की पत्नी झिंगिया ओराम (58) की शनिवार को ओडिशा के भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान डेंगू से मौत हो गई।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



