ग्रेटर नोएडा, 15 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाने की पुलिस ने सवारी के रूप में लोगों को अपनी कार में बैठाकर रास्ते में बंधक बनाने, डराने-धमकाने और ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की है। शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन, नकदी और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को थाना दनकौर क्षेत्र में पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को कार में सवारी के रूप में बैठाकर बदमाशों ने बंधक बना लिया है और डरा-धमकाकर उससे ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करा लिए हैं। सूचना मिलते ही थाना दनकौर पुलिस और पीआरवी कर्मियों ने कॉलर से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पूछताछ में पता चला कि कॉलर का भाई हेमेन्द्र पुत्र जगन सिंह, निवासी धौलपुर राजस्थान, उम्र करीब 27 वर्ष, दनकौर क्षेत्र स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी के पास आगरा की ओर जाने वाले टोल के समीप धौलपुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान एक कार में सवार कुछ युवकों ने उसे सवारी के रूप में अपनी कार में बैठा लिया। आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने रास्ते में उसे डराया-धमकाया और बंधक बनाकर उससे ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करा लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर घटना में प्रयुक्त कार की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम और पीआरवी कर्मियों ने कार की पहचान आई-20 के रूप में की और उसका पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, कार को अंडरपास के पास रोकने का प्रयास किया गया। खुद को पुलिस से घिरता देखकर कार सवार आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने कार से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस पार्टी ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए। घायल आरोपियों की पहचान अभिनय पल्लव पुत्र धनंजय कुमार, निवासी महमदपुर, थाना काको, जहानाबाद, बिहार, उम्र 24 वर्ष और सत्यम सिंह पुत्र अरुण कुमार, निवासी शुगर मिल, भउआपुर मस्तान नगर, थाना सिम्भावली, हापुड़, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों घायल आरोपियों को पुलिस ने उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बदमाशों के कब्जे से कार के अलावा .315 बोर के दो तमंचे, दो खोखे और पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, छीने गए 10 हजार रुपये और एक अवैध चाकू बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से सवारी के रूप में बैठाए गए हेमेन्द्र को सकुशल मुक्त करा लिया। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपियों ने जीरो प्वाइंट से एक अन्य युवक नमन पुत्र राघवेंद्र, निवासी कानपुर नगर, उम्र 18 वर्ष को भी सवारी के रूप में कार में बैठाया था।
पुलिस ने नमन को भी सकुशल मुक्त करा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि आरोपियों ने इस तरह की वारदातें पहले भी की हैं या नहीं और उनके गिरोह में कितने लोग शामिल हैं। बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।
–आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



