सीहोर : मध्यप्रदेश के सीहोर की जेल में पेड़ से कूदकर गंभीर रूप से घायल कैदी की उपचार के दौरान आज भोपाल के हमीदिया अस्पताल में मौत हो गई। इस कैदी ने एकतरफा प्यार में कंपनी से गबन किए पांच लाख रुपए जला दिए थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सीहोर जिले के नसरुल्लागंज स्थित स्पंदन फायनेंस कंपनी का केशियर जिला हरदा के चौकड़ का निवासी जितेन्द्र गोयल (24) 17-18 अप्रैल की रात कंपनी की छह लाख 73 हजार 253 रुपए की राशि लेकर गायब हो गया था।
जितेन्द्र अपनी भाभी की छोटी बहन से एकतरफा प्यार करता था, लेकिन लड़की के परिवार वाले उसके बुरे कामों के कारण उसे पसंद नहीं करते थे। वह फायनेंस कंपनी के गबन किए पांच लाख रुपए लेकर अपनी भाभी के मायके पहुंचा। वहां उसे पता चला कि जिससे वह प्यार करता था उसकी शादी हो रही है। इसी बात से दुखी जितेन्द्र ने देवास जिले के कन्नौद के समीप बहरावल में अपने पास रखे पांच लाख रुपए आग के हवाले कर दिए थे। सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 46 हजार रुपए उसके पास से बरामद किए थे।
इसके अलावा फाइनेंस कंपनी के उसके लॉकर से लगभग एक लाख 28 हजार रुपए की राशि भी बरामद की थी। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भिजवा दिया गया था। गिरफ्तारी के दूसरे दिन जितेन्द्र सभी की निगाहें बचाकर जेल परिसर में स्थित पीपल के पेड़ पर चढ़ गया और वहां से कूद गया।
जितेन्द्र को नसरुल्लागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल भोपाल रैफर कर दिया था।जेलर प्रशांत पणीकर ने बताया कि कैदी का भोपाल में उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



