25 मई को शुरू होगी घरेलू उड़ानें, यात्रियों को रखना होगा इन चीजों का ख्याल

Summary :

नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को कहा कि घरेलू व्यावसायिक यात्री उड़ानों को 25 मई से क्रमिक तरीके से बहाल किया जाएगा।

कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के बीच देश में 25 मार्च से सभी व्यावसायिक यात्री उड़ानें निलंबित हैं। इसी बीच केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को कहा कि लगभग दो महीने के निलंबन के बाद घरेलू विमान सेवा 25 मई से फिर से शुरू होगी।
पुरी ने एक ट्वीट में कहा, देश में सोमवार, 25 मई से चरणबद्ध तरीके से विमान सेवाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने ट्वीट में कहा कि हवाई अड्डों और विमानन कंपनियों को तैयार रहने को कहा गया है।

लिहाजा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हवाई यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के सामने शर्तें रखी हैं। इन शर्तों को मानना सभी यात्रियों के लिए अनिवार्य होगा। शर्तों को पूरा करने वाले यात्रियों को ही यात्रा पर जाने की इजाजत दी जाएगी। उड्डयन मंत्रालय के वरिष्‍ठ अधिकारी के अनुसार, यात्रियों को पहली शर्त टिकट बुक करने के साथ पूरी करनी होगी।
टिकट बुकिंग के दौरान, एयरलाइंस यात्रियों को एक फार्म उपलब्‍ध कराएगी, जिसमें उन्‍हें अपनी कोविड-19 हिस्‍ट्री की जानकारी देनी होगी। इसके अलावा, यदि कोई यात्री बीते एक महीने के दौरान, क्‍वारंटाइन में रहा है तो इसकी जानकारी भी एयरलाइंस को मुहैया करानी होगी।
मंत्रालय ने एयरलाइंस को निर्देश दिए हैं कि बीते एक महीने में यदि कोई यात्री क्‍वारंटाइन में रहा है तो उसकी सुरक्षा जांच आइसोलेटेड सिक्‍योरिटी चेक यूनिट में ही होगी। मंत्रायल ने स्‍वास्‍थ्‍य की सुरक्षा को ध्‍यान में रखते हुए सभी यात्रियों से फार्म के सही जानकारी देने की अपील भी की है।

Desk Team