निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में शेष चार चरणों के चुनाव कराने के लिए केंद्रीय सशस्त्र बल (सीएपीएफ) की 71 अतिरिक्त कंपनियां तैनात करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को शनिवार को निर्देश दिए। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
यह आदेश बंगाल में चुनावी हिंसा की कई घटनाओं की पृष्ठभूमि में आया है, जिसमें कूचबिहार की घटना भी शामिल है, जहां केंद्रीय बलों के कर्मियों की गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कथित रूप से हमला होने पर जवाबी कार्रवाई की थी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि आयोग ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को सुरक्षा बलों की ‘तत्काल’ और कंपनियां तैनात करने का निर्देश दिया है। अबतक, राज्य में चुनाव कराने के लिए कुल 1,000 कंपनियों को रखा गया था। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं।
नई कंपनियों को सीमा सुरक्षा बल (33), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (13), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (12), सशस्त्र सीमा बल (9) और सीआईएसएफ (4)से लिया गया है। सीएपीएफ की एक कंपनी में लगभग 85 कर्मी होते हैं। पश्चिम बंगाल में शनिवार को चौथे चरण का मतदान हुआ। राज्य में आठ चरणों में मतदान होना है। अगले चरणों के चुनाव 17, 22, 26 और 29 अप्रैल को होने हैं।


Download Android App
Download iOS App



