पटना, 21 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को ईद-उल-फितर के पाक मौके पर खानकाह-मुजीबिया फुलवारी शरीफ जाकर वहां के सज्जादा नशीं हजरत सैयद शाह आयतुल्ला कादरी से मुलाकात कर उनकी दुआएं लीं और ईद की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद मुख्यमंत्री मित्तन घाट, पटना सिटी स्थित खानकाह-ए-मुनअमिया भी पहुंचे, जहां के सज्जादा नशीं हजरत सैयद शाह शमीमुद्दीन अहमद मुनअमी के साथ मिलकर राज्य की सुख-शांति एवं समृद्धि की दुआ की। साथ ही वहां मौजूद लोगों को ईद की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री इस क्रम में तकिया शरीफ, मित्तन घाट, पटना सिटी स्थित खानकाह बारगाहे इश्क भी पहुंचे और सज्जादा नशीं सैयद शाह ख्वाजा आमिर शाहिद सहित अन्य लोगों से मुलाकात की और ईद की बधाई दी। ईद-उल-फितर के अवसर पर विभिन्न जगहों पर भ्रमण के दौरान ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा सहित कई अन्य विधायक श्याम रजक और विधान पार्षद संजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
इससे पहले बिहार के पटना स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में परंपरागत रूप से ईद के मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और ईद की नमाज अदा की गई। इस मौके पर हालांकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गांधी मैदान नहीं पहुंचे, उनकी जगह उनके पुत्र निशांत वहां पहुंचे और लोगों को ईद की मुबारकबाद और बधाई दी।
दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले कई वर्षों से ईद के मौके पर गांधी मैदान पहुंचते रहे थे, लेकिन इस बार वे अनुपस्थित रहे। मुख्यमंत्री बनने के बाद से नीतीश कुमार हर साल यहां मौजूद रहते थे। इस बार नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार कार्यक्रम में शामिल हुए।
निशांत के साथ मंत्री अशोक चौधरी समेत जदयू के कई बड़े नेता मौजूद रहे। मंच पर निशांत को गमछा ओढ़ाकर मुस्लिम नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर जदयू के नेता निशांत ने कहा कि “ईद के इस पाक अवसर पर मैं अपनी तरफ से, मेरे पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से देशवासियों और बिहारवासियों को बहुत-बहुत बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। अल्लाह की बरकत देशवासियों पर बनी रहे।”
–आईएएनएस
एमएनपी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



