उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर ने ‘‘चिंताजनक हालात’’ पैदा कर दिए हैं और वह वादियों द्वारा अपील दाखिल करने की समय सीमा अगले आदेश तक बढ़ाने पर राजी है। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि कोविड-19 के मामलों में वृद्धि से वादियों के लिए ‘‘मुश्किल स्थिति’’ पैदा हो गई है। उसने 14 मार्च 2021 को खत्म हो रही अपील दायर करने की सभी समयसीमाओं को अगले आदेश तक बढ़ा दिया है।
प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि अटॉर्नी जनरल के के वेणुगोपाल द्वारा दायर दलीलों पर विचार करने के बाद एक औपचारिक आदेश पारित किया जाएगा। प्रधान न्यायाधीश के साथ पीठ में न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति ए एस बोपन्ना भी शामिल हैं। पीठ ने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर के कारण देशभर में पिछले कुछ हफ्तों में हालात चिंताजनक रहे हैं जिससे वादियों को मुश्किलें आ रही हैं।
शीर्ष न्यायालय ने पहले समयसीमा अवधि में विस्तार को खत्म करने का फैसला किया था। बता दें कि भारत में लगातार छठे दिन 3 लाख से अधिक कोविड मामले सामने आये हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में कुल 3,23,144 कोविड मामले और 2,771 मौतें हुई है।
अब तक के कुल मामले 1,76,36,307 और रिकवरी 1,45,56,209 हैं, जबकि मृत्यु का आंकड़ा 1,97,894 हो गया है। देश भर में कुल टीकाकरण सोमवार तक 14.5 करोड़ से अधिक हो गया है। इसके अलावा, देश में सोमवार को एक ही दिन में 31 लाख से अधिक वैक्सीन की खुराक दी गई है। इसके साथ ही देश में अब तक कोविड-19 वैक्सीन की कुल 14,50,85,911 खुराकें प्रशासित कर दी गई हैं।


Download Android App
Download iOS App



