भोपाल : मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने आरोप लगाया है कि पंचायत स्तर पर कार्यक्रमों के दौरान शासकीय कार्यालयों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का झंडा फहराया गया। यह भारतीय लोकतंत्र का अपमान है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर राष्ट्रगान संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
श्री सिंह ने आज यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने 14 मई को छतरपुर जिले के राजनगर में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा का ध्वज फहराते हुए राष्ट्रगान का गायन किया, जो कि राष्ट्रगान संहिता का उल्लंघन है। राष्ट्रगान किसी और ध्वज के फहराने पर नहीं गाया जाता है।
श्री सिंह ने दावा किया कि 14 मई को ही भाजपा ने पूरे प्रदेश में पंचायत स्तर पर जो कार्यक्रम आयोजित किए थे। उस दौरान नरसिंहपुर जिले में घघरौला कलां, नवीन माध्यमिक शाला और शाहपुर में राजीव गांधी सेवा केंद्र भवन पर राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर भाजपा का ध्वज फहराया गया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर शासन ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ अगर तत्काल कार्यवाही नहीं की, तो कांग्रेस कानूनी कार्यवाही करेगी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



