गोवा के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने महाकुंभ में लगाई आस्था की डुबकी

Summary :

गोवा के नेताओं ने महाकुंभ में संगम पर किया पवित्र स्नान

प्रयागराज में आयोजित भव्य महाकुंभ में शनिवार को गोवा के राज्यपाल पी.एस. श्रीधरन पिल्लई ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। श्रीधरन पिल्लई ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान महाकुंभ के भव्य आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं और ऐसा आयोजन नहीं देखा जा सकता है। यह नया भारत है जहां करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु एक साथ आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।

गोवा के राज्यपाल के अलावा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “दिव्य महाकुंभ के दौरान संगम पर पवित्र स्नान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मां गंगा का पवित्र जल सभी के लिए शांति, स्वास्थ्य और खुशहाली लेकर आए। हर हर गंगे।”

दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा, “तीर्थराज महाकुंभ त्रिवेणी संगम में दिव्य स्नान से पावित्र्य, मांगल्य की अनुभूति हुई। मां गंगा, भगवान शिव से सबके के लिए मंगलकामना की। मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार का इस भव्य, निर्मल आयोजन के लिए हार्दिक अभिनंदन करता हूं।”

उन्होंने कहा कि प्रयागराज में महाकुंभ के महा आयोजन का हिस्सा बनने और अमृत स्नान को अनुभूत करने के लिए आया हूं। 144 साल बाद हो रहा यह महा आयोजन भव्य है, दिव्य है और लोगों को आनंदित कर रहा है। गोवा के लोगों को यहां स्नान करने आने के लिए ट्रेन की सुविधा उपलब्ध कराई है। यहां आना और इस आनंदित करने वाले क्षण का हिस्सा बनना सभी के लिए सुखद अनुभव है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.