योग दिवस पर ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारी में जुटी सरकार

Summary :

विशाखापत्तनम में होगा योग दिवस का मुख्य आयोजन

केंद्र सरकार 21 जून को 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए व्यापक तैयारी कर रही है। इस बार विशाखापत्तनम में मुख्य आयोजन होगा, जहां प्रधानमंत्री मोदी योग प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ थीम के तहत कई कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें वैश्विक योग शिखर सम्मेलन और योग पार्क निर्माण शामिल हैं।

केंद्र सरकार 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर होने वाले कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की दिशा में काम कर रही है। इस बार 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है, जिसका मुख्य आयोजन विशाखापत्तनम में होगा। केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने गुरुवार को योग दिवस की तैयारियों के बारे में बताते हुए कहा कि योग की पहुंच को बढ़ाने के लिए सरकार ने कई कार्यक्रम किए हैं, जिनमें दुनिया के अन्य देश भी शामिल हैं।

प्रतापराव जाधव ने कहा कि यह साल खास है, क्योंकि हम योग दिवस के 10 साल की सफलता का उत्सव मना रहे हैं। इस बार इसकी थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” है। इस साल मुख्य आयोजन विशाखापत्तनम में होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। राज्य सरकार ने “योग आंध्र” के रूप में एक ऐतिहासिक पहल शुरू की है, जिसका उद्देश्य 10 लाख योग साधकों का निर्माण है।

उन्होंने कहा कि देशभर में नई दिल्ली, भुवनेश्वर, नासिक और पुडुचेरी जैसे शहरों में काउंटडाउन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयोजनों में जनता की भागीदारी और ऊर्जा ने एक नए उत्साह का संचार किया है। यह योग को जनआंदोलन में बदलने की दिशा में बड़ा कदम है। केंद्रीय मंत्री ने अपील की कि योग सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं, जीवन जीने की एक समग्र कला है, जो संयम, अनुशासन और आत्म-शांति सिखाती है। आइए मिलकर योग दिवस को जन-जन का उत्सव बनाएं और योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

केंद्रीय मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देशभर में आयोजित होने वाले 10 प्रमुख कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘योग संगम’ में 21 जून को देशभर में एक लाख से अधिक जगहों पर सामूहिक योग अभ्यास का आयोजन होगा। योग बंधन के तहत 10 साझेदार देशों में भारतीय दूतावासों के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय योग सत्र होंगे। योग पार्क कार्यक्रम के जरिए देशभर में एक हजार योग पार्कों का निर्माण या उन्हें अपग्रेड किया जाएगा।

योग समावेश के तहत दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और विशेष जरूरत वाले समूह के लोगों के लिए खास योग कार्यक्रम रखा गया है। योग प्रभाव में 2015 से 2025 तक योग के सामाजिक और स्वास्थ्य प्रभाव का मूल्यांकन होगा। इसके अलावा ‘योग कनेक्ट’ के तहत वैश्विक योग शिखर सम्मेलन में योगगुरु, नीति निर्माता, स्वास्थ्य विशेषज्ञ और प्रभावशाली हस्तियां शामिल होंगी।

हरित योग का कार्यक्रम भी रखा गया है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और योग को जोड़ती हुई गतिविधियां शामिल की जाएंगी। योग अनप्लग्ड कार्यक्रम में युवाओं को आकर्षित करने के लिए ऑफलाइन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर योग केंद्रित इवेंट्स रखे जाएंगे। योग महाकुंभ का भी आयोजन होना है, जिसमें देश के 10 शहरों में हफ्तेभर चलने वाला योग महोत्सव शामिल रहेगा। संयोग कार्यक्रम के तहत समकालीन चिकित्सा प्रणालियों में योग के साक्ष्य-आधारित एकीकरण पर मेडिटेशन को शामिल किया गया है।

‘टेकऑफ से पहले बोइंग की होगी जांच..’, अहमदाबाद विमान हादसे के बाद DGCA का आदेश

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.