गुरुग्राम, 3 मई (आईएएनएस)। गुरुग्राम के वजीरपुर इलाके से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार देर रात एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि पति नाजिम ने अपनी पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों को जहर दे दिया और फिर खुद भी सुसाइड करने की कोशिश की।
नाजिम मुरादाबाद का रहने वाला था और गुरुग्राम में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था। वह यहां सैलून चलाकर अपने परिवार का खर्च चलाता था। करीब सात साल पहले उसने दिल्ली की रहने वाली नजमा से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं, लेकिन किसी को नहीं पता था कि एक दिन ऐसा खौफनाक मोड़ आएगा।
इस घटना में 35 साल की नजमा और उनके चार बच्चों इकरा (14 साल), सिफा (12 साल), खतिना (10 साल) और आयन (8 साल) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पहले नाजिम ने सभी को जहर दिया और उसके बाद खुद की नस काट ली। गंभीर हालत में उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी मिला है, जिसे पुलिस जांच के लिए खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह या मानसिक तनाव जैसी बातें सामने आ रही हैं, लेकिन असली वजह क्या थी, इसका अभी तक साफ खुलासा नहीं हो पाया है।
पड़ोसियों के मुताबिक, यह परिवार आम तौर पर हंसता-खेलता नजर आता था। किसी को अंदाजा नहीं था कि अंदर ही अंदर इतनी बड़ी परेशानी चल रही होगी। यही वजह है कि यह घटना पूरे इलाके के लिए एक बड़ा सदमा बन गई है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, ताकि सच सामने आ सके।
–आईएएनएस
पीआईएम/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























