बनासकांठा, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुजरात के बनासकांठा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित किया।
संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा कि आज टेक्नोलॉजी से देश और गुजरात का हर किसान जुड़ा हुआ है। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े सभी लोगों का स्वागत किया।
सभा के माहौल का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश के लोगों के लिए यह भी अजूबा होगा कि सभा में सारे लोग चौपाइयों पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि अगर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को बताया होता तो आज जरूर इसका रिकॉर्ड बन जाता।
पीएम मोदी ने कहा कि नवरात्र के कुछ ही दिन बाद मां अंबा की पावन धरती पर आने का अवसर मिला है। मैं मां अंबा को प्रणाम करता हूं। उन्होंने बताया कि आज ही पीएम किसान सम्मान निधि की नई किस्त किसानों के खाते में पहुंची है और उन्होंने देश के किसानों को इसके लिए बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे किसान विकसित भारत के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक हैं। हमारी सरकार ने हमेशा किसानों को सशक्त करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि किसानों का बजट 5 गुना से अधिक हो गया है। आज करीब 10 करोड़ किसानों के खाते में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई है। गुजरात के 50 लाख से अधिक किसानों को भी इसका लाभ मिला है, उनके खाते में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक जमा हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में सरकार की नीतियों की वजह से 50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा किसानों को मिले हैं। उन्होंने इसके लिए 5 योजनाओं का उदाहरण दिया।
पहली योजना पीएम किसान सम्मान निधि है, जिसके तहत करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये सीधे छोटे किसानों के बैंक खातों में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कभी इन छोटे किसानों की जरूरतों को नहीं समझा गया था, जबकि देश में छोटे किसानों की संख्या 85 प्रतिशत से ज्यादा है। ऐसे छोटे किसानों की चिंता हमारी सरकार ने की और पीएम किसान निधि से मदद पहुंचाई।
दूसरी बड़ी बात खाद को लेकर कही। उन्होंने कहा कि बीते सालों में वैश्विक अनिश्चितता के बीच खाद की कीमतों में बहुत उछाल आया है, लेकिन किसानों को समर्पित हमारी सरकार ने इसका बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया। सरकार ने इस पर करीब 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
तीसरी बात एमएसपी को लेकर थी। पीएम मोदी ने कहा कि पहले की सरकारें एमएसपी को लेकर किसानों को धोखा ही दे रही थीं, लेकिन हमारी सरकार है जिसने एमएसपी का वादा पूरा किया है। पिछले 12 वर्षों में गेहूं और धान के किसानों के लिए एमएसपी के रूप में 24 लाख करोड़ रुपये खाते में गए हैं।
चौथी योजना पीएम फसल बीमा योजना है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने फसल बीमा योजना का बहुत बड़ा सुरक्षा कवच किसानों को दिया है। पिछले 12 वर्षों में फसल बीमा के लिए किसानों को 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक मिल चुका है।
पांचवीं योजना सिंचाई से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि सिंचाई पर किसान की लागत कम हो। पीएम कुसुम योजना के तहत लागत सुनिश्चित हो रही है। इसके तहत 12 लाख सोलर पंप दिए जा चुके हैं। अगर ये सोलर पंप नहीं मिलते तो 800 करोड़ लीटर से अधिक का डीजल खरीदना पड़ता।
पीएम मोदी ने कहा कि सिर्फ इन पांच योजनाओं की वजह से देश के किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये के बराबर की बचत भी हुई है। इन 50 लाख करोड़ रुपये ने देश के किसानों की आय बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि खेती सिर्फ पेशा नहीं, हमारी संस्कृति भी है।
–आईएएनएस
वीकेयू/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



