गौतमबुद्धनगर, 13 अगस्त (आईएएनएस)। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत गौतमबुद्धनगर जनपद में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से जुड़े कार्यक्रमों का सिलसिला लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में 9 से 17 अगस्त तक माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों के साथ-साथ ग्राम पंचायत स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य नागरिकों और विद्यार्थियों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
अभियान के तहत जनपद के विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण को तिरंगे के रंगों और देशभक्ति की भावना से सजाया जा रहा है। छात्र-छात्राएं विद्यालय की दीवारों, सूचना पट्टों और परिसर में तिरंगा आधारित कलाकृतियां, पोस्टर और देशभक्ति संदेश तैयार कर रहे हैं। इसके अलावा तिरंगा रंगोली और देशभक्ति आधारित पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी तिरंगे के तीनों रंगों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, स्वतंत्रता संग्राम, वीर शहीदों के योगदान और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप दे रहे हैं।
विद्यालयों में तिरंगा यात्रा, देशभक्ति गीत, भाषण, निबंध लेखन और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, संविधान, राष्ट्रीय प्रतीकों और महापुरुषों के बारे में जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने बताया कि विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यालय स्टाफ विद्यार्थियों को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में विकासखंड बिसरख की विभिन्न ग्राम पंचायतों में झंडा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम सचिवों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों, ग्रामवासियों और स्कूली बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए। ग्रामीणों को 9 से 17 अगस्त के बीच अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा बनाए रखने की जानकारी भी दी गई। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और बच्चों की सहभागिता देखने को मिली। वहीं, विकासखंड दादरी के ग्राम सेंथली में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
यात्रा में दादरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, ब्लॉक प्रमुख दादरी विजेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने गांव के विभिन्न मार्गों से यात्रा निकाली और देशभक्ति के नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा का समापन ग्राम सेंथली स्थित शहीद चौक पर हुआ। यहां वीर शहीद की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और शहीद चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया। जनपद में विद्यालयों से लेकर ग्राम पंचायतों तक चल रहे इन आयोजनों के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जनभागीदारी से सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के शेष दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्रा, झंडा वितरण, सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
–आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



