जालंधर, 18 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने हत्या के मामले की जांच के दौरान जबरन वसूली और रिश्वत लेने के आरोप में इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा को गिरफ्तार कर लिया है। वह होशियारपुर जिले के टांडा थाने के प्रभारी थे। उन्हें निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
उप पुलिस महानिरीक्षक, जालंधर रेंज के कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा के खिलाफ अमेरिका में दायर आरोपपत्र और मीडिया में आई खबरों के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से टांडा थाना प्रभारी के पद से हटा दिया गया था। इसके बाद उनका तबादला होशियारपुर पुलिस लाइंस में कर दिया गया। साथ ही हत्या के मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए इसे होशियारपुर जिले से बाहर तैनात एक भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी को सौंप दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे पर्याप्त सबूत मिले, जिनसे पता चला कि इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने अमेरिका में रहने वाले एक परिवार से पैसे की मांग की, उनसे जबरन वसूली की और 16 लाख रुपए रिश्वत के रूप में लिए। पुलिस ने यह भी बताया कि जांच तकनीकी विश्लेषण, वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की गई है।
पुलिस के अनुसार, पर्याप्त सबूत मिलने के बाद इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा को टांडा थाने में दर्ज मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 13 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 के तहत आरोपी बनाया गया। इसके बाद 17 जुलाई को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा और पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों तथा साजिश का पता लगाने के लिए पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी। मामले की जांच अभी भी जारी है और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।
पंजाब पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई भ्रष्टाचार और कदाचार के खिलाफ राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।
–आईएएनएस
एसएचके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



