आंध्र प्रदेश: स्कूल में छात्रा पर चेनसॉ से हमले को लेकर सीएम नायडू सख्त, आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश

Summary :

अनंतपुर, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अनंतपुर जिले के राप्ताडु स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा पर हुए जानलेवा हमले पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हमलावर की तलाश कर जल्द गिरफ्तार करने और उसे कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का निर्देश दिया है। जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में एक व्यक्ति ने चेनसॉ (आरी मशीन) से छात्रा पर हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा के चेहरे, सिर और गले पर गंभीर चोटें आई हैं। उसकी गर्दन और पेट पर भी गहरे…

अनंतपुर, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अनंतपुर जिले के राप्ताडु स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा पर हुए जानलेवा हमले पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हमलावर की तलाश कर जल्द गिरफ्तार करने और उसे कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का निर्देश दिया है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में एक व्यक्ति ने चेनसॉ (आरी मशीन) से छात्रा पर हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा के चेहरे, सिर और गले पर गंभीर चोटें आई हैं। उसकी गर्दन और पेट पर भी गहरे घाव हैं, जबकि उसका दाहिना हाथ लगभग कट गया है। इस दौरान हमले का विरोध करते हुए छात्रा को बचाने पहुंची एक अन्य छात्रा भी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों छात्राओं को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मुख्यमंत्री नायडू ने घटना पर हैरानी और गहरा आक्रोश जताते हुए अधिकारियों से फोन पर बात की और घायल छात्रा की स्वास्थ्य स्थिति तथा उसे दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा टीम को छात्रा के इलाज को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा, “राप्ताडु जिला परिषद हाई स्कूल की कक्षा 10 की छात्रा पर उसकी कक्षा के अंदर हुए बर्बर हमले से मैं गहरे सदमे और आक्रोश में हूं। स्कूलों के भीतर हमारी बेटियों को निशाना बनाने वाले हमलावरों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है।” उन्होंने कहा, “मैंने पुलिस को इस हमले के जिम्मेदार व्यक्ति की तलाश करने और उसे जल्द से जल्द कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने का निर्देश दिया है।”

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, नायडू ने बाद में घायल छात्रा की मां से भी फोन पर बात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मां से हिम्मत बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी और छात्रा की जान बचाने के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जाएंगे।

नायडू ने स्थानीय विधायक परिताला सुनीता से भी बात कर घायल छात्रा के इलाज और परिवार को दी जा रही सहायता की जानकारी ली। उन्होंने हमले में घायल दूसरी छात्रा के स्वास्थ्य के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली। इस बीच, तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नारा लोकेश ने भी घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि अनंतपुर जिले के राप्ताडु में स्कूल के भीतर कक्षा 10 की छात्रा पर हुए बर्बर हमले से वह बेहद दुखी और स्तब्ध हैं।

लोकेश ने कहा कि शिक्षा और सुरक्षा के लिए बने स्थान पर एक कम उम्र की लड़की के खिलाफ इस तरह की अमानवीय घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लड़की और महिला की सुरक्षा तथा गरिमा सर्वोपरि है और इस तरह की बर्बरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि हमला करने वाला व्यक्ति छात्रा को पहले से जानता था या नहीं। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.