तमिलनाडु चुनाव: एएनएस प्रसाद ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां, डीएमके पर साधा निशाना

Summary :

चेन्नई, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु भाजपा के प्रवक्ता एएनएस प्रसाद ने सोमवार को मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और डीएमके पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी गलत जानकारी फैला रही है, जबकि केंद्र राज्य में विकास की अहम योजनाएं लागू कर रहा है। उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तमिलनाडु दौरे से पहले आई है। भाजपा का कहना है कि इस दौरे से सत्ताधारी डीएमके नेताओं में साफ तौर पर बेचैनी दिख रही है। एएनएस प्रसाद ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह केंद्र की बढ़ती पहुंच और कल्याणकारी उपायों का मुकाबला करने के लिए राजनीति से…

चेन्नई, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु भाजपा के प्रवक्ता एएनएस प्रसाद ने सोमवार को मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और डीएमके पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी गलत जानकारी फैला रही है, जबकि केंद्र राज्य में विकास की अहम योजनाएं लागू कर रहा है।

उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तमिलनाडु दौरे से पहले आई है। भाजपा का कहना है कि इस दौरे से सत्ताधारी डीएमके नेताओं में साफ तौर पर बेचैनी दिख रही है।

एएनएस प्रसाद ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह केंद्र की बढ़ती पहुंच और कल्याणकारी उपायों का मुकाबला करने के लिए राजनीति से प्रेरित होकर आलोचना कर रही है। प्रसाद ने ‘नारी शक्ति वंदन’ फ्रेमवर्क के तहत महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के प्रस्ताव का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि इस कदम से शासन और नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी में काफी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने केंद्र के किसान कल्याण कार्यक्रमों पर भी जोर दिया और बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रणाली के तहत खरीद 2024-25 में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।

पीएम किसान जैसी योजनाओं को ग्रामीण परिवारों को फायदा पहुंचाने वाले अहम उपायों के तौर पर गिनाया गया। यह योजना किसानों को सीधे आर्थिक मदद देती हैं, जिनमें तमिलनाडु के परिवार भी शामिल हैं।

उन्‍होंने हाल के शासन सुधारों का बचाव करते हुए कहा कि विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) में किए गए संशोधन का मकसद पारदर्शिता सुनिश्चित करना और नियमों का पालन न करने वाले संगठनों द्वारा विदेशी फंड के गलत इस्तेमाल को रोकना है।

बुनियादी ढांचे के मामले में भाजपा ने चेन्नई मेट्रो फेज-II जैसी बड़ी परियोजनाओं की प्रगति पर जोर दिया, जिन्हें केंद्र से काफी आर्थिक मदद मिली है। उन्होंने कहा कि राजमार्गों, बंदरगाहों और लॉजिस्टिक्स में किए गए निवेश से एक अहम आर्थिक केंद्र के तौर पर तमिलनाडु की स्थिति मजबूत हो रही है।

भाजपा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के प्रति अपने समर्थन को भी दोहराया और कहा कि इसका बहुभाषी दृष्टिकोण छात्रों को बिना किसी भाषा को थोपे, लचीलापन और बेहतर अवसर प्रदान करता है।

हालांकि डीएमके ने लगातार इनमें से कई नीतियों, खासकर संघवाद, भाषा और संसाधनों के बंटवारे से जुड़े मुद्दों पर विरोध किया है, जिससे विधानसभा चुनावों से पहले एक तेज राजनीतिक मुकाबले का माहौल बन गया है।

–आईएएनएस

एएसएच/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.