निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद हटाई आदर्श आचार संहिता

Summary :

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में चुनाव संपन्न होने के बाद आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) को हटाने का आदेश जारी किया है। हालांकि, पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा में आचार संहिता लागू रहेगी, जहां आयोग ने नए सिरे से चुनाव कराने का आदेश दिया है। ईसीआई की ओर से गुरुवार को जारी आदेश में कहा गया है कि आदर्श आचार संहिता के प्रावधान चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की तारीख से लागू होते हैं और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहते हैं। आयोग ने बताया कि असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम…

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में चुनाव संपन्न होने के बाद आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) को हटाने का आदेश जारी किया है। हालांकि, पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा में आचार संहिता लागू रहेगी, जहां आयोग ने नए सिरे से चुनाव कराने का आदेश दिया है।

ईसीआई की ओर से गुरुवार को जारी आदेश में कहा गया है कि आदर्श आचार संहिता के प्रावधान चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की तारीख से लागू होते हैं और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहते हैं। आयोग ने बताया कि असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी की विधानसभाओं के आम चुनावों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इसके अलावा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा के विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनावों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं।

आयोग ने कहा कि परिणामों की घोषणा के बाद पश्चिम बंगाल के 144-फाल्टा विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर सभी संबंधित राज्यों और क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से समाप्त हो गई है। आयोग ने स्पष्ट किया कि फाल्टा में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी, क्योंकि वहां नए सिरे से चुनाव कराने का आदेश दिया गया है।

इससे पहले, 3 मई को निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पूरी मतदान प्रक्रिया को रद्द करने का कदम उठाया था। इस महीने की 21 तारीख को सभी 285 मतदान केंद्रों, जिनमें सहायक बूथ भी शामिल हैं, पर नए सिरे से मतदान होगा।

वोटों की गिनती 24 मई को होगी। अपने बयान में आयोग ने बताया था कि यह फैसला 29 अप्रैल को मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बड़े पैमाने पर उल्लंघन की रिपोर्टों के बाद लिया गया था।

बता दें कि 4 मई को घोषित विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा को बहुमत मिला है, जबकि पुडुचेरी में फिर से एनडीए को जनता ने चुना है। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की सरकार बनी है, जबकि तमिलनाडु में जनता ने खंडित जनादेश दिया है। हालांकि, राज्य में पहली बार चुनाव लड़ने वाली विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ा दल बना है।

–आईएएनएस

डीसीएच/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.