जयपुर, 28 मई (आईएएनएस)। राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार सुबह एक भयानक हादसा हुआ, जब एक चलती हुई स्कार्पियो में अचानक आग लग गई और वह आग के गोले में तब्दील हो गई। इस घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई जिनमें एक स्थानीय कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच भी शामिल थे।
यह घटना अजमेर शहर से लगभग 60 किलोमीटर दूर बोराडा पुलिस थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई। पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने जांच शुरू कर दी है और अधिकारी सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं, जिसमें किसी भी तरह की साजिश की आशंका भी शामिल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना बोराडा के पास काशिर और बोराडा गांवों के बीच हुई।
बचाव और जांच कार्यों में डीएसपी आयुष वशिष्ठ, बोराडा एसएचओ सूर्यभान सिंह और अराई एसएचओ रोशन समरिया भी शामिल हैं। एफएसएल की एक टीम ने घटनास्थल से सैंपल और सबूत इकट्ठा किए हैं। जांचकर्ता शॉर्ट सर्किट की संभावना की जांच कर रहे हैं। वहीं, एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने कहा कि पुलिस इस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है, जिसमें आग लगने का सही कारण पता चलने तक इसे हत्या का संभावित मामला मानकर जांच भी शामिल है।
खबरों के मुताबिक, चलती गाड़ी में ही आग लग गई और कुछ ही पलों में लपटों ने एसयूवी को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय अधिकारियों को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर तुरंत एक दमकल गाड़ी भेजी गई, लेकिन जब तक बचाव कार्य शुरू हो पाता, गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और उसमें सवार सभी लोगों की गंभीर रूप से जलने के कारण मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान पूर्व सरपंच और जिला परिषद सदस्य राम सिंह चौधरी, उनकी मां और पूर्व सरपंच पुसी देवी, राम सिंह की पत्नी और भतीजी महिमा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तीन पीड़ितों की मौत मौके पर ही हो गई जबकि चौथे ने अस्पताल ले जाते समय चोटों के कारण दम तोड़ दिया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पूसी देवी ने गुरुवार सुबह सीने में दर्द की शिकायत की थी। बताया जा रहा है कि रामसिंह चौधरी उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। उनकी पत्नी और भतीजी भी उसी गाड़ी में सवार थे।
इससे पहले कि कोई मदद मिल पाती, एसयूवी में आग लग गई, जिससे गाड़ी में सवार लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका ही नहीं मिला। बाद में आग पर काबू पाने के लिए पानी के टैंकर और दमकल की टीमें मौके पर भेजी गईं।
अजमेर के पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं।
–आईएएनएस
पीएसके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



