बेंगलुरु, 23 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक के रामनगर जिले के चन्नापटना तालुक के संकलागेरे गांव के पास बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे पर सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान केरल के कोझिकोड निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद फरहान और 45 वर्षीय सुल्फी, बेंगलुरु के कलासिपल्या निवासी 45 वर्षीय रशीद और अडुगोडी के एन्नेपल्या निवासी साकेर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीके ट्रेवल्स द्वारा संचालित बस केरल के कालीकट से बेंगलुरु जा रही थी। सोमवार को सुबह लगभग 4:10 बजे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी बाड़ से टकरा गई। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि चालक को नींद आने के कारण यह दुर्घटना हुई है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। केरल के कन्नूर निवासी अब्दुल और एलन सहित दो अन्य लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए चन्नापटना सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि बस रविवार देर रात कालीकट से रवाना हुई थी और घटना के समय उसमें कुल 42 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाड़ से टकराने के बाद भी बस लगभग 100 मीटर बाद रुकी। अधिकारियों ने बताया कि बैरियर न होने के कारण जानमाल का और भी अधिक नुकसान हो सकता था।
सूचना पर चन्नापटना यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। इसके साथ ही बस ड्राइवर रियाज को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि 25 दिसंबर 2025 को क्रिसमस के दिन चित्रदुर्ग जिले के जवनगोंडनहल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर एक कंटेनर ट्रक से टक्कर के बाद स्लीपर कोच में आग लग गई थी। जिसमें पांच वर्षीय बच्ची सहित कम से छह लोग जलकर मर गए थे और 21 घायल हो गए थे। बस में चालक और कंडक्टर सहित कुल 32 लोग यात्रा कर रहे थे। इनमें से 28 लोगों ने पहले से टिकट बुक करा रखे थे, जबकि दो यात्री यात्रा शुरू होने के बाद बस में चढ़े थे। आग लगने के बाद कई यात्री बस से निकलने में सफल रहे थे।
–आईएएनएस
ओपी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



