अजित पवार के विमान हादसे को लेकर भ्रामक वीडियो बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Summary :

मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के जालना जिले के एक युवक को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस वीडियो में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की छवि धूमिल की गई है और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान दुर्घटना के संबंध में भ्रामक जानकारी फैलाई गई है। पश्चिमी क्षेत्रीय पुलिस विभाग की साइबर सेल ने आरोपी की पहचान उद्धव भगवान काप्से के रूप में की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई लाया गया। बांद्रा की एक स्थानीय अदालत ने आरोपी को 10 अप्रैल तक पुलिस…

मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के जालना जिले के एक युवक को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस वीडियो में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की छवि धूमिल की गई है और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान दुर्घटना के संबंध में भ्रामक जानकारी फैलाई गई है।

पश्चिमी क्षेत्रीय पुलिस विभाग की साइबर सेल ने आरोपी की पहचान उद्धव भगवान काप्से के रूप में की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई लाया गया। बांद्रा की एक स्थानीय अदालत ने आरोपी को 10 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

मुंबई पुलिस के अनुसार, काप्से द्वारा अपलोड किए गए आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया पर हटाए जाने से पहले लगभग 1.5 लाख बार देखा गया था। जांच में पता चला कि वीडियो में मुख्यमंत्री को निशाना बनाते हुए भ्रामक और आपत्तिजनक कंटेंट था। साथ ही, विमान दुर्घटना से संबंधित तथ्यों को भी गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया था।

वायरल वीडियो का गंभीर संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने साइबर सेल को केस दर्ज करने का निर्देश दिया था। पुलिस ने सोशल मीडिया से वीडियो को हटवाकर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ फर्जी, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और सार्वजनिक हस्तियों को बदनाम करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी।

जांच के दौरान, तकनीकी विश्लेषण से वीडियो के स्रोत का पता जालना जिले से चला। इस सूचना पर पुलिस की एक टीम ने बुट्टेगांव गांव से काप्से को हिरासत में लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि काप्से बुट्टेगांव का निवासी है और उसने कक्षा 10 तक पढ़ाई की है। वह अपने माता-पिता के साथ रहता है। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर उपलब्ध फुटेज को संकलित करके एआई टूल्स का उपयोग करके वीडियो बनाने और साझा करने की बात स्वीकार की है।

गिरफ्तारी के बाद काप्से को मंगलवार दोपहर बांद्रा अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

इसके पहले, 26 मार्च को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि 28 जनवरी को तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की जान लेने वाले विमान दुर्घटना के संबंध में बेंगलुरु में दर्ज की गई शून्य एफआईआर पड़ोसी राज्य की कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार द्वारा राज्य को ‘बदनाम’ करने का कथित प्रयास था।

–आईएएनएस

ओपी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.