कोलकाता, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल में उग्रवादी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के चार सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद ब्रेनवाश किए गए युवाओं की ट्रैकिंग शुरू कर दी है।
आरोप है कि बांग्लादेश स्थित कट्टरपंथी और उग्रवादी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) से जुड़े संदिग्धों ने संगठन में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल के कई लोगों का ब्रेनवाश किया था।
एनआईए ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान और दक्षिण 24 परगना से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। सूत्रों ने बताया कि जांच अधिकारियों को उनके पास से अहम दस्तावेज मिले हैं, जिनमें राज्य के अलग-अलग जिलों के उन युवाओं के नाम हैं, जो गिरफ्तार किए गए चार लोगों के लगातार संपर्क में थे।
सूत्रों ने बताया कि जेएमबी के ये सहयोगी पश्चिम बंगाल के एक विशेष समुदाय के उन युवाओं की पहचान करने और उनसे संपर्क करने के लिए तरीका अपनाते थे, जो आसानी से ब्रेनवाश होकर आतंकवादी संगठन में शामिल होने या उसके लिए काम करने के लिए तैयार हो सकते थे।
पहला कदम ‘पूर्ब आकाश’ नाम के टेलीग्राम चैनल के जरिए जेएमबी का संदेश फैलाना था। इसके बाद, जो युवा ऐसे संदेशों पर कुछ हद तक सकारात्मक प्रतिक्रिया देते थे, उनसे जेएमबी के इन चार गिरफ्तार संदिग्धों ने व्यक्तिगत रूप से या छोटे समूहों में संपर्क किया और बाद में कट्टरपंथी संगठन में शामिल होने के लिए उनका ब्रेनवाश किया।
जांच में पता चला है कि व्यवस्थित रूप से ब्रेनवाश की शुरुआती प्रक्रिया पूरी होने के बाद, जेएमबी के ये सहयोगी चयनित युवाओं के साथ एन्क्रिप्टेड चैट के जरिए बातचीत करते थे कि देश के अलग-अलग हिस्सों में नेटवर्क और तोड़फोड़ जैसी आतंकवादी गतिविधियों को कैसे अंजाम दिया जाए।
गिरफ्तार लोगों ने अपने क्राउडफंडिंग तंत्र के जरिए फंड जुटाना शुरू कर दिया था। एनआईए के अधिकारियों ने गिरफ्तार किए गए चार लोगों के पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया।
पूर्वी बर्दवान जिले के मंगलकोट इलाके से एक इमाम मोहम्मद शेख को आतंकवादी संबंध होने के संदेह में गिरफ्तार किया गया, जबकि दक्षिण 24 परगना जिले से तीन अन्य आरोपी पकड़े गए। इनकी पहचान जुम्मन शेख, शहरुल पुरकैत और अब्दुल रफीक के रूप में हुई।
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



