नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के औपचारिक स्वागत के पूर्वाभ्यास के कारण शनिवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में ‘चेंज ऑफ गार्ड’ सेरेमनी नहीं होगी।
राष्ट्रपति सचिवालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान के स्वागत के पूर्वाभ्यास के दौरान सेरेमनी में आम जनता का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
आमतौर पर, राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में 30 मिनट की ‘चेंज ऑफ गार्ड’ सेरेमनी प्रत्येक शनिवार सुबह आयोजित की जाती है।
यह सेरेमनी शनिवार को राजपत्रित अवकाश होने पर या राष्ट्रपति भवन द्वारा अधिसूचित किए जाने पर आयोजित नहीं की जाती है।
राष्ट्रपति भवन के अनुसार, ‘चेंज ऑफ गार्ड’ सेरेमनी एक सैन्य परंपरा है, जिसके तहत फोर्ट, पैलेस और रक्षा प्रतिष्ठानों में तैनात गार्ड और संतरी समय-समय पर बदलते रहते हैं ताकि सैनिकों की एक नई टुकड़ी कार्यभार संभाल सके।
राष्ट्रपति भवन में, औपचारिक सेना रक्षक बटालियन भारत के राष्ट्रपति के लिए औपचारिक सुरक्षा और पहरेदारी प्रदान करने के लिए जिम्मेदार है।
सेरेमनी को अधिक आकर्षक और जनहितैषी बनाने के लिए इसका स्वरूप बदला गया है और इसे दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया गया है। राष्ट्रपति के अंगरक्षक दल (पीबीजी) द्वारा औपचारिक पोशाक में घुड़सवारी प्रदर्शन को इसमें जोड़ा गया है और कार्यक्रम स्थल को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में स्थानांतरित कर दिया गया है, जिससे जनता की पहुंच आसान हो गई है।
सेरेमनी का शुभारंभ जयपुर कॉलम के पीछे से सजे-धजे, शक्तिशाली और सुसज्जित घोड़ों पर सवार पीबीजी सैनिकों के मार्च के साथ होता है। सेना के ब्रास बैंड की धुन पर सैनिक आगे बढ़ते हैं।
इसके बाद परेड कमांडर मार्च करते हुए आते हैं, जिनके आदेश पर गार्ड मार्च करते हैं। निरीक्षण के बाद, नया गार्ड पुराने गार्ड के साथ अपनी जगह लेता है और दोनों गार्ड राष्ट्रीय सलामी का आदान-प्रदान करते हैं।
इसके बाद, नया गार्ड, गार्ड और संतरी का कार्यभार संभालता है। सेरेमनी का समापन पीबीजी द्वारा घुड़सवारी प्रदर्शन और राष्ट्रगान के साथ होता है।
–आईएएनएस
एमएस/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



