पीएम मोदी के सिक्किम दौरे की तैयारी तेज, सीएम ने की समीक्षा

Summary :

गंगटोक, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित सिक्किम दौरे से पहले राज्य के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने गुरुवार को तैयारियों की जमीनी समीक्षा की और अधिकारियों को सभी इंतजाम सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि उन्होंने कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर तय कार्यक्रम स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। इस समीक्षा के दौरान बुनियादी ढांचे की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और लॉजिस्टिक समन्वय का आकलन किया गया। तमांग ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके…

गंगटोक, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित सिक्किम दौरे से पहले राज्य के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने गुरुवार को तैयारियों की जमीनी समीक्षा की और अधिकारियों को सभी इंतजाम सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि उन्होंने कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर तय कार्यक्रम स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया।

इस समीक्षा के दौरान बुनियादी ढांचे की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और लॉजिस्टिक समन्वय का आकलन किया गया। तमांग ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने उच्च स्तर की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया, ताकि कार्यक्रमों का संचालन बिना किसी बाधा के हो सके। साथ ही अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं, परिवहन व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने नागरिक प्रशासन, पुलिस और अन्य एजेंसियों के बीच करीबी तालमेल बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि किसी भी तरह की चूक से बचा जा सके। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण आधिकारिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनके लिए राज्य प्रशासन व्यापक तैयारियां कर रहा है। हालांकि, विस्तृत कार्यक्रम अभी जारी होना बाकी है।

हाल ही में मुख्यमंत्री ने सम्मान भवन में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता भी की थी, जिसमें प्रधानमंत्री के इस प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा सिक्किम के 50वें राज्यत्व दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम के साथ जुड़ा हो सकता है, जो भारत में राज्य के रूप में शामिल होने के 50 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.