तमिलनाडु चुनाव : सीएम स्टालिन 31 मार्च को तिरुवरूर से करेंगे डीएमके के चुनाव अभियान की शुरुआत

Summary :

चेन्नई, 29 मार्च (आईएएनएस)। आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल तेज हो चुका है। राज्य के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन 31 मार्च को तिरुवरूर से अपनी पार्टी के चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत करेंगे। यह अभियान शुरू होने से कुछ ही दिन पहले सीएम स्टालिन ने डीएमके के सभी उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। पार्टी ने 164 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि बाकी 70 सीटें सहयोगी दलों को सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस के तहत दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने इस सूची को ‘अपडेटेड’ और सोच-समझकर तैयार किया गया बताया है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों…

चेन्नई, 29 मार्च (आईएएनएस)। आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल तेज हो चुका है। राज्य के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन 31 मार्च को तिरुवरूर से अपनी पार्टी के चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत करेंगे।

यह अभियान शुरू होने से कुछ ही दिन पहले सीएम स्टालिन ने डीएमके के सभी उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। पार्टी ने 164 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि बाकी 70 सीटें सहयोगी दलों को सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस के तहत दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने इस सूची को ‘अपडेटेड’ और सोच-समझकर तैयार किया गया बताया है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन से पहले पार्टी और गठबंधन सहयोगियों के साथ व्यापक चर्चा की गई थी।

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, डीएमके गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर कई बार तीखी चर्चाएं और हल्की खींचतान भी देखने को मिली, लेकिन अब गठबंधन पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुका है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, सीएम स्टालिन 31 मार्च को शाम 5 बजे तिरुवरूर के साउथ रथा स्ट्रीट से अपने राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे। तिरुवरूर का चयन खास महत्व रखता है, क्योंकि यह डीएमके के दिग्गज नेता एम. करुणानिधि का जन्मस्थान है।

इस ऐतिहासिक जगह से अभियान शुरू कर डीएमके अपने वैचारिक विरासत और जनता के साथ भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना चाहती है।

पार्टी के आधिकारिक बयान के अनुसार, स्टालिन पूरे राज्य में व्यापक प्रचार करेंगे और पार्टी उम्मीदवारों के साथ-साथ सहयोगी दलों के प्रत्याशियों के लिए भी समर्थन जुटाएंगे। चुनाव प्रचार के दौरान डीएमके सरकार की उपलब्धियों को प्रमुखता से उठाया जाएगा, विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया जाएगा और जमीनी स्तर पर समर्थन मजबूत करने की कोशिश की जाएगी।

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि तिरुवरूर से अभियान की शुरुआत कार्यकर्ताओं में जोश भरेगी और पूरे राज्य में एक मजबूत चुनावी माहौल तैयार करेगी।

इस कार्यक्रम में राज्यभर से बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

–आईएएनएस

वीकेयू/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.