हैदराबाद, 24 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने सोमवार को राज्य सरकार से लंबित फीस रिम्बर्समेंट (शुल्क प्रतिपूर्ति) राशि जारी करने की मांग को लेकर 48 घंटे की भूख हड़ताल शुरू की।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार द्वारा लगभग 15,000 करोड़ रुपए की लंबित फीस प्रतिपूर्ति राशि जारी नहीं किए जाने से 40 लाख छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि तेलंगाना के युवा अब कांग्रेस सरकार के खिलाफ संघर्ष के लिए आगे आ चुके हैं।
रामचंद्र राव ने कहा, “यह सरकार छात्रों और युवाओं से किए गए लगभग हर बड़े वादे को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस सरकार की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण तेलंगाना की शिक्षा व्यवस्था गहरे संकट में पहुंच गई है। लाखों छात्रों की पढ़ाई, रोजगार और भविष्य अनिश्चित हो गया है। कांग्रेस सरकार को यह याद रखना चाहिए कि जिन छात्रों और युवाओं को आपने धोखा दिया है, वही कल आपकी सरकार को सत्ता से बाहर कर देंगे।”
उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी चुनौती देते हुए कहा कि वे तेलंगाना आएं और लंबित फीस प्रतिपूर्ति राशि जारी करवाएं।
उन्होंने कहा, “अगर राहुल गांधी में सच में हिम्मत है और अगर उन्हें छात्रों के भविष्य की उतनी ही चिंता है, जितनी वे हाल के दिनों में जताते रहे हैं तो उन्हें तेलंगाना आकर अपनी कांग्रेस सरकार से लंबित फीस रिम्बर्समेंट राशि जारी करवानी चाहिए।”
भाजपा नेता ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार द्वारा बकाया राशि जारी नहीं किए जाने के कारण 40 लाख छात्र प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा, “शैक्षणिक संस्थानों ने फीस रिम्बर्समेंट की राशि लंबित होने के कारण छात्रों के प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) रोक रखे हैं। इसके चलते छात्र न तो उच्च शिक्षा हासिल कर पा रहे हैं और न ही रोजगार के अवसर प्राप्त कर पा रहे हैं। करीब 15,000 करोड़ रुपए की राशि बकाया है, जिससे छात्रों की शिक्षा, करियर और भविष्य दांव पर लगा हुआ है।”
रामचंद्र राव ने कहा कि भाजपा तब तक संघर्ष जारी रखेगी, जब तक सरकार लंबित राशि जारी कर हर छात्र को न्याय नहीं दिलाती।
इस बीच, परिवहन और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोनम प्रभाकर ने आरोप लगाया कि रामचंद्र राव केवल अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए फीस रिम्बर्समेंट को लेकर नाटक कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा, “अगर आपमें हिम्मत है तो दिल्ली से फंड लेकर आइए। अगर आपकी मंशा साफ है तो मैं आपको चुनौती देता हूं कि केंद्र सरकार की ओर से तेलंगाना को मिलने वाली राशि दिल्ली से लेकर आएं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार, पिछली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार द्वारा लंबित छोड़ी गई पुरानी देनदारियों का भुगतान कर रही है।
पोनम प्रभाकर ने बताया कि चालू शैक्षणिक सत्र से सरकार एससी, एसटी, बीसी और अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों को बैंकों के माध्यम से अग्रिम फीस रिम्बर्समेंट उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि कल्याण छात्रावासों के लिए भी ग्रीन चैनल के जरिए धनराशि जारी की जा रही है।
मंत्री ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा शासित किसी राज्य में फीस रिम्बर्समेंट जैसी योजना लागू की जा रही है।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



