‘अब तेलंगाना अगला लक्ष्य’, बंगाल और असम में बंपर बढ़त के बाद भाजपा का दावा

Summary :

हैदराबाद, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर बड़ी जीत हासिल करने और असम में सत्ता बरकरार रखने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता उत्साह से भर गए हैं। तेलंगाना में पार्टी नेताओं ने सोमवार को घोषणा की कि अब उनका अगला लक्ष्य तेलंगाना है। बंगाल और असम में भाजपा की शानदार जीत के संकेत मिलते ही तेलंगाना में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। राज्य मुख्यालय में पटाखे फोड़े गए और मिठाइयां बांटी गईं। तेलंगाना विधानसभा में भाजपा के नेता अलेटी महेश्वर रेड्डी ने कहा कि जब भी राज्य में चुनाव होंगे,…

हैदराबाद, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर बड़ी जीत हासिल करने और असम में सत्ता बरकरार रखने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता उत्साह से भर गए हैं। तेलंगाना में पार्टी नेताओं ने सोमवार को घोषणा की कि अब उनका अगला लक्ष्य तेलंगाना है।

बंगाल और असम में भाजपा की शानदार जीत के संकेत मिलते ही तेलंगाना में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। राज्य मुख्यालय में पटाखे फोड़े गए और मिठाइयां बांटी गईं।

तेलंगाना विधानसभा में भाजपा के नेता अलेटी महेश्वर रेड्डी ने कहा कि जब भी राज्य में चुनाव होंगे, भाजपा का झंडा बुलंद होगा। उन्होंने दावा किया कि बीआरएस और कांग्रेस की विफलताओं से निराश जनता अब बदलाव के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा, “भाजपा एक के बाद एक राज्यों में जीत हासिल कर रही है। तेलंगाना में जब भी चुनाव होंगे, यहां भी भगवा लहराएगा।” महेश्वर रेड्डी ने यह भी कहा कि 10 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तेलंगाना दौरा इस बात का संकेत है कि राज्य में अगली सरकार भाजपा की बनेगी।

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने बंगाल की जनता को ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में भाजपा तेलंगाना में भी सत्ता हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां जनता दोबारा उसी पर भरोसा जता रही है क्योंकि पार्टी भ्रष्टाचार-मुक्त और जनहितकारी शासन के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने विपक्षी दलों और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने ‘इंडिया’ गठबंधन और उसके सहयोगियों को नकार दिया है। रामचंद्र राव ने तमिलनाडु में डीएमके के तीसरे स्थान पर सिमटने का जिक्र करते हुए कहा कि यह विभाजनकारी राजनीति करने वालों के लिए सबक है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 मई को हैदराबाद आएंगे, जो तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद उनका पहला तेलंगाना दौरा होगा। इस दौरान सिकंदराबाद परेड ग्राउंड में एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें दो लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है।

उन्होंने राज्य के लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करने की अपील की और दावा किया कि भाजपा की नीतियों और मोदी सरकार के सुशासन से देशभर में परिवर्तन दिखाई दे रहा है।

वहीं, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि चुनाव परिणाम तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के लिए जवाब हैं, जिन्होंने उत्तर-दक्षिण के नाम पर विभाजन की राजनीति करने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश के सभी राज्यों में ‘डबल इंजन’ सरकारें बनेंगी। संजय कुमार ने लोगों से प्रधानमंत्री की हैदराबाद रैली को सफल बनाने की अपील की और बताया कि इस दौरान करीब 7,823 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।

भाजपा नेताओं का मानना है कि देशभर में विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ पार्टी आगे बढ़ रही है और तेलंगाना में भी जल्द बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.