हैदराबाद, 18 मार्च (आईएएनएस)। तेलंगाना के हनमकोंडा जिले में एक व्यक्ति और उसकी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घटना काजीपेट मंडल के कडिपिकोंडा गांव में बुधवार तड़के हुई। मृतकों की पहचान राजशेखर (54) और उनकी बेटी राजश्री (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, राजशेखर के दामाद प्रवीण पर पारिवारिक विवाद के चलते दोनों को आग के हवाले करने का शक है।
परिजनों का आरोप है कि प्रवीण ने अपनी पत्नी और ससुर की हत्या की। घटना सुबह करीब 4 बजे राजशेखर के घर पर हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रवीण को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
इस बीच, करीमनगर जिले में एक अन्य घटना में एक पुलिस अधिकारी की पत्नी की कथित रूप से आत्महत्या से मौत हो गई।
सब-इंस्पेक्टर चंद्रशेखर की पत्नी दिव्या ने कनेर (ओलियंडर) के बीज खाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, दिव्या ने मंगलवार रात कनेर के बीज खाए। परिजन उसे करीमनगर के अस्पताल ले गए। हालत बिगड़ने पर उसे हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
चंद्रशेखर करीमनगर के टू टाउन पुलिस स्टेशन में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं।
आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच के तहत पुलिस सब-इंस्पेक्टर और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या घरेलू समस्याओं के कारण दिव्या ने आत्महत्या की।
एक अन्य मामले में, जगदीतल जिले में पुलिस एक व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिस पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप है।
माधापुर गांव में 19 वर्षीय यूट्यूबर वैष्णवी मंगलवार को अपने घर में मृत पाई गई।
पुलिस के अनुसार, वैष्णवी ने आठ महीने पहले हरिबाबू (26) से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि हरिबाबू ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



