बंगाल के दुर्गापुर में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, दो लोग गिरफ्तार

Summary :

कोलकाता, 12 नवंबर (आईएएनएस)। दुर्गापुर में पुलिस ने गुरुवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया। इन पर आरोप है कि उन्होंने जमीन के विवाद को लेकर एक युवक को डंडों और बांस से पीट-पीटकर मार डाला। यह घटना बुधवार रात पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर-फरीदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जब्बार पल्ली में हुई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय श्यामकुमार दास के रूप में हुई। इलाके में लोग उन्हें भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर जानते थे। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में आरोपी विजय नंदी और प्रसून पांडे को गिरफ्तार किया है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर…

कोलकाता, 12 नवंबर (आईएएनएस)। दुर्गापुर में पुलिस ने गुरुवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया। इन पर आरोप है कि उन्होंने जमीन के विवाद को लेकर एक युवक को डंडों और बांस से पीट-पीटकर मार डाला। यह घटना बुधवार रात पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर-फरीदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जब्बार पल्ली में हुई।

मृतक की पहचान 36 वर्षीय श्यामकुमार दास के रूप में हुई। इलाके में लोग उन्हें भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर जानते थे। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में आरोपी विजय नंदी और प्रसून पांडे को गिरफ्तार किया है।

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर रसप्रीत सिंह ने बताया कि बांस की लाठियों से पीटे जाने के कारण युवक की मौत हो गई। दुर्गापुर-फरीदपुर पुलिस स्टेशन ने कार्रवाई की है। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच चल रही है।

श्यामकुमार दास के पिता परिमल दास ने कहा कि हम भाजपा का समर्थन करते हैं, जबकि इस घटना को अंजाम देने वाले तृणमूल कांग्रेस का समर्थन करते हैं। मेरे बेटे के साथ उनकी दुश्मनी थी। इसी गुस्से में आकर विजय और प्रसून ने उसे रॉड और बांस से पीट-पीटकर मार डाला। हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात को जब्बार पल्ली इलाके में काली प्रतिमा विसर्जन चल रहा था। उस समय श्यामकुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठकर खाना खा रहा था। बताया जा रहा है कि जमीन के एक पुराने विवाद को लेकर उसकी अजय, विजय नंदी और उनके दोस्त प्रसून पांडे के साथ बहस शुरू हो गई। पहले बहस हुई, फिर मामला गरमा गया और नौबत मारपीट तक आ गई।

आरोप है कि इसके बाद अजय, विजय और उनके दोस्त प्रसून पांडे समेत कई लोगों ने श्यामकुमार पर हमला कर दिया। श्याम को रॉड और बांस से बेरहमी से पीटा गया।

इस हमले में श्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे दुर्गापुर इस्पात अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद श्यामकुमार के परिवार ने फरीदपुर पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विजय और प्रसून को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी अजय नंदी घटना के बाद से ही फरार है। फरीदपुर पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.