वाशिंगटन : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने मंगलवार को कहा कि कश्मीर मुद्दे के हल के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्ताव पर भारत की प्रतिक्रिया से वह ‘‘चकित’’ हैं। साथ ही, खान के मुताबिक इस विषय ने 70 साल से (भारतीय) उपमहाद्वीप को उलझा रखा है। दरअसल, जनवरी 2016 में पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा पठानकोट स्थित भारतीय वायुसेना के एयरबेस पर किये गए आतंकी हमले के बाद भारत पाकिस्तान के साथ बातचीत नहीं कर रहा है और नयी दिल्ली यह कहता आ रहा है कि वार्ता एवं आतंकवाद साथ-साथ नहीं हो सकते।
अमेरिका की तीन दिनों की यात्रा पर यहां आए खान ने ट्वीट किया, ‘‘उपमहाद्वीप को 70 साल से उलझा कर रखने वाले कश्मीर मुद्दे के हल के लिए वार्ता की मेज पर पाक और भारत को लाने के लिए मध्यस्थता करने के राष्ट्रपति ट्रंप के प्रस्ताव पर भारत की प्रतिक्रिया से चकित हूं।’’ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने अमेरिकी की अपनी पहली यात्रा की समाप्ति पर कहा, ‘‘कश्मीर की कई पीढ़ियों ने इसे (कश्मीर मुद्दे को) झेला है और वे रोजाना इसे झेल रहे हैं तथा संघर्ष का समाधान किये जाने की जरूरत है।’’
गौरतलब है कि ट्रंप ने व्हाइट हाऊस में खान के साथ अपनी बैठक में सोमवार को कश्मीर मुद्दे पर भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता करने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, भारत ने ट्रंप के प्रस्ताव को पूरी तरह से खारिज करते हुए कहा है कि नयी दिल्ली का यह रूख बरकरार है कि पाकिस्तान के साथ लंबित सभी मुद्दों पर सिर्फ द्विपक्षीय चर्चा होगी।


Download Android App
Download iOS App



