कोलकाता, 2 नवंबर (आईएएनएस)। इंडिया ब्लॉक की रामलीला मैदान में हुई रैली को लेकर भाजपा नेताओं ने तीखा हमला बोला है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक कौस्तव बागची ने रैली को भयंकर कॉमेडी सर्कस और स्टैंड-अप कॉमेडी शो करार दिया।
भाजपा विधायक कौस्तव बागची ने कहा, भयंकर कॉमेडी सर्कस हुआ। एक ऑल इंडिया पार्टी के अध्यक्ष को बोलना पड़ रहा है कि आप अगर चुप नहीं बैठेंगे तो पांच मिनट का भाषण एक घंटे तक चलेगा। बहुत बड़ा कॉमेडी सर्कस हुआ। लोगों ने इसका बहुत मजा लिया। कोई सीरियस पॉलिटिकल शो या रैली नहीं थी। स्टैंड-अप कॉमेडी शो के हिसाब से देखेंगे तो अच्छा था।
उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया परिप्रेक्ष्य में राहुल गांधी और बंगाल के परिप्रेक्ष्य में हुमायूं कबीर, दोनों में कोई ज्यादा अंतर नहीं है। कोई किसी को गंभीरता से नहीं लेता। इन दोनों की हालत बिल्कुल एक जैसी हो गई है।
भाजपा विधायक देबाशीष धर ने कहा कि दरअसल, नितिन नवीन कोलकाता में लोकतंत्र बचाओ के लिए रैली कर रहे थे। हम लोगों का कार्यक्रम चल रहा था। यह एक विस्तारित अभियान है। ऐसा नहीं है कि हमने आज ही कुछ शुरू किया है। जो डीप स्टेट के एजेंट्स हैं, जो अभी देश को फिर खतरे में डालने की कोशिश कर रहे हैं, उनसे देश को बचाने के लिए हम लोग यह प्रयास जारी रखे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सिर्फ चुनाव जीतने के लिए हम लोग राजनीति नहीं कर रहे हैं, क्योंकि ये लोग हमेशा नेपाल, बांग्लादेश या श्रीलंका की तरह हालात बनाने का मॉडल सोच रहे हैं। इस सोच को देश से उखाड़ फेंकना है। इसलिए हमने यह कार्यक्रम लिया है।
हुमायूं कबीर के बयान पर भाजपा विधायक ने कहा कि जब तक सरकार भाजपा की है और सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री हैं, तब तक इसके लिए इतनी सख्त सजा मिलेगी कि लोग याद रखेंगे। यह भी समझना चाहिए कि गृह विभाग ममता बनर्जी के पास है। इसलिए सोच-समझकर बात करनी चाहिए।
मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि मस्जिद बनने के लिए हमने कभी कोई आपत्ति नहीं की है। कोई भी अपनी जमीन पर मस्जिद बना सकता है, लेकिन अगर बाबरी नाम दिया जाएगा तो उसका विरोध भी होगा। यह हमारा स्पष्ट मत है।
–आईएएनएस
केके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



