भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्र सरकार के अंतरिम बजट को गरीब कल्याणकारी और देश के विकास के प्रति समर्पित दूरदर्शी बजट बताते हुए कहा है कि इस बजट में मातृशक्ति का दर्शन है तो राम राज्य का विजन भी है। इस बजट में विकसित भारत का संकल्प है तो आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य भी है। इस अंतरिम बजट में गरीब कल्याण, किसान उत्थान, मातृशक्ति का सम्मान और नौजवानों की मुस्कान समाहित है।
- मध्यम वर्ग के लिए आवास योजना
- आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में सहायक सिद्ध
- प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना
सर्वांगीण कल्याण के लिए समर्पित
ऐसे सर्वस्पर्शी एवं सर्वसमावेशी और देश के जन-जन और हर क्षेत्र के सर्वांगीण कल्याण के लिए समर्पित बजट के लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एवं उनकी पूरी टीम को अपनी ओर से और अपनी पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से हार्दिक बधाई देते हैं और उनका अभिनंदन भी करते हैं। नड्डा ने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने अथक परिश्रम के साथ जहां लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है तो वहीं, दूसरी ओर, भारत ने अर्थव्यवस्था में प्रगति के सारे रिकार्ड भी तोड़ डाले हैं। यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य की बुनियाद है।
मध्यम वर्ग के लिए आवास योजना
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार गरीबी हटाने का नारा नहीं देती बल्कि गरीबी दूर करके दिखाती है। वह विकसित भारत और विकास की केवल बात नहीं करते बल्कि विकास को घर-घर पहुंचाने में यकीन रखते हैं। अंतरिम बजट में मध्यम वर्ग के लिए आवास योजना लाए जाने का निर्णय एक क्रांतिकारी कदम है। अगले पांच साल में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लगभग 2 करोड़ घर बनाने का निर्णय लिया गया है।
आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में सहायक सिद्ध
अगले पांच साल में अब उनकी सरकार 3 करोड़ से अधिक लखपति दीदी बनाने का सुनियोजित लक्ष्य रखकर चली है। एमएसएमई सेक्टर को ग्लोबल बनाने के लिए सरकार ने जो निर्णय लिया है, वह आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में सहायक सिद्ध होगी। इस बजट में पर्यटन पर भी खासा ध्यान रखा गया है। रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर के लिए सरकार ने ‘प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना’ के तहत 1 करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाने का निर्णय लिया है। इस अंतरिम बजट में किसान, मध्य वर्ग, महिला से लेकर सभी वर्गों को और उसकी जो रूप-रेखा रखी है, वह भारतीय अर्थव्यवस्था को सही रास्ते और उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ाएगी।


Download Android App
Download iOS App






