सरकार ने किसान आंदोलन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए सोमवार को सिंघु, टिकरी, गाजीपुर सीमाओं के पास दो और दिनों के लिए इंटरनेट सेवा को निलंबित कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार गृह मंत्रालय ने किसान आंदोलन के मद्देनजर बॉर्डर में इंटरनेट पर लगाई गई अस्थायी रोक को बढ़ाकर 2 फरवरी रात 11 बजे तक कर दिया है।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को सिंघू, गाजीपुर और टीकरी बॉर्डर पर इंटरनेट सेवाएं अस्थायी तौर पर बंद कर दी थी। दिल्ली की इन सीमाओं पर किसान केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली की तीन सीमाओं के अलावा इनसे लगे इलाकों में भी 29 जनवरी रात 11 बजे से 31 जनवरी रात 11 बजे तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी।
यह निलंबन मंत्रालय ने इन तीनों स्थानों पर किसानों के बड़ी संख्या में एकत्र होने के बाद भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम 1885 के तहत मिले अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए लगाया। गौरतलब है कि 26 जनवरी को भी दिल्ली के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी तौर पर बंद कर दी गई थीं। गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसा की घटना होने पर यह कदम उठाया गया था।
गृह मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने और किसी तरह की आपात स्थिति पैदा न हो इसे ध्यान में रखते हुए सिंघु, गाजीपुर और टीकरी तथा उसके आस पास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के हिस्सों में इंटरनेट सेवा अस्थायी तौर पर बंद की जा रही है। उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर रैली के दौरान हिंसा तथा उत्पात के बाद से गृह मंत्रालय ने पुलिस को स्थिति से निपटने के लिए सख्ती बरतने को कहा है। इसके अलावा उत्पात में शामिल लोगों तथा कुछ किसान नेताओं के विरूद्ध प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है।


Download Android App
Download iOS App



