झारखंड : गिरिडीह में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया, विरोध में सड़क जाम

गिरिडीह, 10 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र में विवाह के करीब एक माह बाद ही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने ससुराल पक्ष की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। बाद में पुलिस के समझाने पर जाम समाप्त हुआ।

जिले के भूचारोबाद (आजाद नगर) की रहने वाली रजिया खातून की शादी हीरोडीह थाना क्षेत्र के कुरूमडीहा गांव निवासी अब्जल अंसारी के साथ हुई थी। गुरुवार की शाम उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसकी सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर रजिया को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि इसी प्रताड़ना के कारण उसकी हत्या की गई।

घटना की सूचना पर पुलिस ने गुरुवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और उसे सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलने पर हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक वार्ता के बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार कराया गया।

थाना प्रभारी महेश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच जारी है। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं है कि मौत हत्या का मामला है या आत्महत्या का। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों से लिखित शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।