Juvenile Robbery Case: द्वारका डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ की टीम ने वाहन चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले सात नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपियों के कब्जे से तीन लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सभी आरोपी आसान पैसा कमाकर अपने एक दोस्त का जन्मदिन किसी हिल स्टेशन पर मनाने की योजना बना रहे थे, जिसके लिए उन्होंने लूट और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को एसीपी ऑपरेशन की देखरेख में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार की टीम ने पकड़ा है।
चाकू दिखाकर मारपीट
डीसीपी कुशल पाल सिंह के अनुसार, 15 मार्च को करीब 1:50 बजे शिकायतकर्ता निखिल (22), निवासी लक्ष्मी विहार, मोहन गार्डन, अपने भतीजे के साथ टीवीएस राइडर बाइक पर ककरोला गंदा नाला सर्विस रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उनके साथ मारपीट की और उनकी बाइक व करीब 2000 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए।
नॉर्थ थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू
इस मामले में द्वारका नॉर्थ थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ की टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन शुरुआत में कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने करीब 10 किलोमीटर के एरिया में लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय सूत्रों की मदद ली।
छह नाबालिगों को पकड़ लिया
लगातार जांच के बाद पुलिस ने छह नाबालिगों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से लूटी गई बाइक बरामद कर ली। पूछताछ के दौरान एक अन्य नाबालिग को भी पकड़ा गया, जिसके पास से एक और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लूट और वाहन चोरी कर पैसे जुटाकर अपने दोस्त का जन्मदिन किसी हिल स्टेशन पर मनाना चाहते थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले और किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App




