नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। लोकसभा में सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा नक्सलवाद पर दिए गए बयान का भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा, “अगर सरकार ठान ले तो क्या नहीं हो सकता। आज हमारा भारत नक्सलमुक्त बनता जा रहा है। मोदी सरकार ने जो कहा, वो किया।”
मनोज तिवारी ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि अमित शाह ने पीएम मोदी के नेतृत्व में तय किया था कि 31 मार्च तक देश में नक्सलवाद का खात्मा कर दिया जाएगा और खुशी की बात है कि अब नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि अमित शाह का भाषण सुनना बेहद जरूरी है। जो लोग नहीं सुने, आज जरूर सुनें। इस भाषण में मिली जानकारी से ही रोंगटे खड़े हो जाएंगे कि कैसे पश्चिम बंगाल के एक छोटे से गांव से शुरू हुआ नक्सलवाद 14 राज्यों में फैल गया और कैसे हमारे सशस्त्र बलों को कई बार गंभीर नुकसान उठाना पड़ा।
तिवारी ने बताया कि नक्सलवाद के कारण कई निर्दोष लोग मारे गए। अनुमान है कि करीब 20 हजार लोग इस हिंसा में जान गंवा चुके हैं लेकिन अब नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है। कुछ लोग अभी भी छुपे हुए हैं, लेकिन कई नक्सली सरेंडर कर चुके हैं और उनका पुनर्वास हो रहा है। जो नहीं माने, उन्हें पकड़कर न्याय के दायरे में लाया गया और करीब 700 नक्सली मारे गए।
उन्होंने बताया कि पहले देश के कई हिस्सों में लोग शाम 7 बजे के बाद सुरक्षित नहीं घूम सकते थे। बसें चलाने के लिए इंतजार करना पड़ता था, कोई भी अकेला बाहर नहीं जा सकता था। धनबाद से गिरिडीह जैसे रास्तों पर डर का माहौल था। अब सब कुछ बदल चुका है।
मनोज तिवारी ने कहा कि नक्सलवाद कभी आम लोगों के अधिकार या न्याय के लिए शुरू नहीं हुआ। यह एक ऐसी विचारधारा से जन्मा कि सत्ता सिर्फ बंदूक की नली से आती है लेकिन आज भारत ने यह चुनौती पार कर ली है। 31 मार्च 2026 के दिन के साथ हमारा देश नक्सलवाद से मुक्त हो गया है और अब हमारा देश सुरक्षित और मजबूत बन चुका है। यह एक बेहद महत्वपूर्ण दिन है, जिसे हर भारतीय को याद रखना चाहिए।
–आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



