नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में पूरे देश में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित यशवंत पैलेस मार्केट में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान वह खुद हाथों में झाड़ू लेकर सफाई करते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री के साथ संबंधित विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मार्केट परिसर में साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि गांधी जयंती से लेकर 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती तक, लगभग 30 दिनों के लिए सभी को पूरे देश में ‘स्वच्छ भारत अभियान’ कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए। उन्होंने देश के सभी लोगों से इस अभियान में हिस्सा लेने की अपील की है।
उन्होंने कहा, “कल से पूरे देश में भारत सरकार, अलग-अलग राज्य सरकारें, सरकारी और प्राइवेट शिक्षण संस्थान, सरकारी और प्राइवेट दफ्तर, एनजीओ, कॉलोनियों के संगठन और स्वच्छ भारत वॉरियर्स यानी सफाई कर्मचारी, ये सभी मिलकर 30 दिनों का अभियान चलाएंगे। स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।”
केंद्रीय मंत्री ने ई-वेस्ट को लेकर भी एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आज भारत सरकार का खान मंत्रालय ई-वेस्ट से जुड़ा एक विशेष अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा, “हमें ई-वेस्ट से जुड़े तीन कार्यक्रमों के जरिए इसे इकट्ठा करना चाहिए, अलग-अलग करना चाहिए और रीसायकल करना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने 46,000 करोड़ रुपए के प्रोत्साहन के साथ ‘नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन’ शुरू किया है। यह मिशन देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इससे ई-वेस्ट के बेहतर प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि 1 अक्टूबर को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत राजधानी दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर केंद्रीय मंत्री इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। इसका उद्देश्य महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करना और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
–आईएएनएस
एससीएच/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



